जौलजीबी (पिथौरागढ़)। जौलजीबी में पिछले 13 दिनों से संचार सेवा ठप पड़ी है। क्षेत्र में बीएसएनएल की संचार सेवा बाधित होने से स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों में गहरा आक्रोश है। इससे नाराज लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग में चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।
ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने संगठन के अध्यक्ष पूरन ग्वाल और व्यापार संघ अध्यक्ष धीरेंद्र धर्मसक्त्तू के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन देकर मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग में जाम करने का एलान किया है। व्यापार संघ अध्यक्ष धर्मसक्त्तू ने कहा पिछले 13 दिनों से जौलजीबी क्षेत्र की आबादी बीएसएनएल की लापरवाही खामियाजा भुगत रही है। संचार सेवा खराब होने से सभी ऑनलाइन सेवा बैंकिंग, पोस्ट ऑफिस समेत कई कार्य प्रभावित हैं। दूरस्थ क्षेत्रों से पैसे खर्च करके पहुंच रहे लोग निराश होकर वापस लौट रहे हैं। प्रधान संगठन के अध्यक्ष पूरन ने कहा स्थानीय ग्राम प्रधानों से मिली जानकारी के अनुसार विभागीय अधिकारी फोन पर आश्वासन देने के अलावा और कुछ भी नहीं कर रहे हैं। इस दौरान प्रधान अंजु रोंकली, सौरभ मर्तोलिया, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सेलाल, सभासद प्रेमा कुटियाल सहित अन्य ग्राम प्रधान मौजूद रहे।