Pithoragarh Weather News: उच्च हिमालयी गांवों में हुई तीन फुट से अधिक बर्फबारी, जनजीवन प्रभावित
पिथौरागढ़ जिले में सीजन की दूसरी बर्फबारी से उच्च हिमालयी चोटियां चमक उठी हैं। कड़ाके की ठंड पड़ने से जनजीवन प्रभावित हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पिथौरागढ़ जिले में नए साल में सीजन की दूसरी बर्फबारी से हिमालयी चोटियां चांदी की तरह चमकने लगी हैं। धारचूला के उच्च हिमालयी गांव कुटी में तीन फुट से अधिक तो मुनस्यारी में दो इंच तक बर्फबारी हुई। पर्यटकों ने नंदा देवी मंदिर डाडाधार में बर्फ का लुत्फ उठाया। वहीं कड़ाके की ठंड पड़ने से जनजीवन प्रभावित हो गया है।
मुनस्यारी में मंगलवार की शाम फिर से बर्फबारी हुई। बाजार क्षेत्र में जहां दो इंच तो कालामुनी, बेटुलीधार और बलांति में लगभग एक फुट बर्फ पड़ी। बर्फ के चलते थल-मुनस्यारी सड़क पर कुछ देर आवागमन बाधित हुआ। बाद में जेसीबी मशीन से बर्फ हटाकर यातायात शुरू कराया गया। अस्कोट के जौरासी, घनधुरा, पय्यापौड़ी, कनार, शिखर, ध्वज और सिंगाली के ऊपरी क्षेत्र में बर्फबारी हुई है। इससे निचले गांवों में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
धारचूला की दारमा और व्यास घाटी में भी ताजा हिमपात हुआ है। यहां पहले से ही दो फुट से अधिक बर्फ जमा होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दारमा के दांतू गांव निवासी होम स्टे संचालक संजय जंग, गुड्डू जंग और हितेश दताल ने बताया कि घाटी के ग्राम नागलिंग से ऊपर के गांवों में ताजा बर्फबारी हुई है। बीआरओ के मेट कवींद्र सिंह नगन्याल ने बताया कि बर्फ गिरने से सेला से ऊपर सड़क बंद है। व्यास घाटी के गर्ब्यांग से ऊपर के गांवों में एक फुट से अधिक बर्फ गिरी है। कुटी गांव के प्रधान नगेंद्र सिंह कुटियाल ने बताया कि मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक क्षेत्र में तीन से चार फुट तक बर्फबारी हो चुकी है।
बर्फबारी के बीच सीमा की सुरक्षा में मुस्तैद हैं जवान
उच्च हिमालयी क्षेत्र में हो रही बर्फबारी के बीच चीन सीमा की अग्रिम चेक पोस्ट पर आईटीबीपी और एसएसबी के जवान मुस्तैदी से तैनात हैं। अधिक बर्फ गिरने से जवानों को गश्त लगाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बर्फ के चलते चीन सीमा को जोड़ने वाली तवाघाट से गुंजी जाने वाली सड़क गर्ब्यांग से आगे बंद है।