Pithoragarh Protest: गरजे सस्ता गल्ला विक्रेता...जमकर किया प्रदर्शन, एक जनवरी से राशन नहीं बांटने की चेतावनी
सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने भाड़े और लाभांश के भुगतान की मांग पर शासन-प्रशासन और पूर्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। उन्होंने जल्द भुगतान न होने पर एक जनवरी 2025 से दुकानों में ताले लगाकर सरकारी राशन न बांटने का ऐलान किया है।
विस्तार
पिथौरागढ़ में सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने भाड़े और लाभांश के भुगतान की मांग पर शासन-प्रशासन और पूर्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। उन्होंने जल्द भुगतान न होने पर एक जनवरी 2025 से दुकानों में ताले लगाकर सरकारी राशन न बांटने का ऐलान किया है।
बुधवार को जिले भर के सस्ता गल्ला विक्रेता जिला पूर्ति कार्यालय पहुंचे और शासन-प्रशासन, पूर्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। उन्होंने कहा कि वे निशुल्क राशन, बाल विकास सहित अन्य सरकारी योजनाओं के तहत पूरी जिम्मेदारी से वितरण किया। लंबे समय से उन्हें न तो भाड़े का भुगतान किया है और न ही लाभांश का। वे अपनी जेब से धन खर्च कर राशन वितरण कर रहे हैं। इससे उनकी आर्थिक हालत बिगड़ गई है। उनके लिए घर खर्च चलाना, बच्चों की स्कूल की फीस चुकाना भी मुश्किल हो गया है और इसके लिए उन्हें उधारी लेनी पड़ रही है।
सरकार उन्हें भुगतान न कर कर्ज के बोझ तले दबा रही है इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कई बार उन्हें भुगतान का झूठा आश्वासन दिया गया है। अब वे शासन-प्रशासन और विभाग की झूठी बातें नहीं सुनेंगे। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यदि इस साल के अंत तक भाड़े और लाभांश की धनराशि उनके खातों में नहीं आई तो वे नए साल से राशन वितरण बंद कर दुकानों में ताले लटका देंगे। प्रदर्शन करने वालों में संगठन के जिलाध्यक्ष मनोज पांडे, उपाध्यक्ष मनोज कापड़ी, महासचिव कैलाश चंद्र जोशी, कोषाध्यक्ष ललित सिंह महर, संयुक्त सचिव कमल टम्टा, विजय कापड़ी सहित कई सस्ता गल्ला विक्रेता शामिल रहे।