पिथौरागढ़। राजकीय महाविद्यालय के शिक्षाशास्त्र विभाग और आरंभ स्टडी सर्कल की ओर से बुधवार को कॉलेज परिसर में एक दिनी लघु पुस्तक मेला आयोजित किया गया। इसमें इतिहास, समाज, संस्कृति, बाल साहित्य, कहानी, कविता, उपन्यास, इतिहास, राजनीति, यात्रा वृत्तांत, शिक्षा संबंधी पुस्तकें उपलब्ध रहीं। पुस्तक प्रदर्शनी में वाणी, संवाद प्रकाशन, समय साक्ष्य, राजकमल प्रकाशन, सेतु, वाग्देवी प्रकाशन, साहित्य उपक्रम, नवारुण, संभावना, पहाड़ प्रकाशनों की पुस्तकें प्रदर्शित की गईं। बुकर पुरस्कार विजेता गीतांजलि श्री की पुस्तक रेत समाधि की मांग अधिक रही।
शिक्षाशास्त्र की विभागाध्यक्ष डॉ. सोनी टम्टा, प्रो. हेम पांडेय, डॉ. डीके उपाध्याय ने मेले का शुभारंभ किया। डॉ. सोनी ने कहा कि कॉलेज के छात्र-छात्राएं कोरोना की वजह से किताबों की दुनिया से कट गए हैं। पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजन की जरूरत पड़ रही है। आरंभ स्टडी सर्कल के दीपक ने कहा कि मेले में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उपन्यासों, शिक्षाशास्त्र, इतिहास की पुस्तकों में विशेष रुचि दिखाई। संवाद प्रकाशन की विचार, दर्शन पर आधारित पुस्तकें भी सराही गईं। बीए प्रथम वर्ष के छात्र विकास ने कहा कि इन किताबों से बहुत कुछ जानने और सीखने का मौका मिलेगा। इस मौके पर प्रभारी प्राचार्य पुष्कर बिष्ट, डॉ. अवनीश भट्ट, आरंभ स्टडी सर्कल से शीतल, एकता, अभिषेक, विद्या, विकास, गोविंद, मोहित, मुकेश, अमित, शीतल महर मौजूद रहे।