पिथौरागढ़। एंचोली-ग्रिफ बैंड सड़क की बदहाली से लोग परेशान हैं। डेढ़ साल पहले ठेकेदार ने निविदा होने के बाद भी सड़क सुधारीकरण कार्य शुरू नहीं किया है। इससे आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विरोध, प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र सड़क को ठीक न करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
एंचोली-ग्रिफ बैंड सड़क की बदहाली से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पंत के नेतृत्व में एनएच पर एकत्र हुए। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पिथौरागढ़ नगर के प्रवेश द्वार एंचोली से ग्रिफ बैंड सड़क बदहाल है। इसके बाद भी सड़क को ठीक करने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत का कहना है कि पिछले साल टेंडर होने के बाद भी ठेकेदार ने निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। इससे साफ जाहिर होता है कि ठेकेदार मनमानी कर रहा है। इस कारण एंचोली से ग्रिफ बैंड सड़क की बदहाली है। इस पर कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। एंचोली से ग्रिफ बैंड सड़क में धूल के गुबार से लोग परेशान हैं। उन्होंने शीघ्र सड़क को ठीक करने की मांग की है। इस मौके पर नितेश कुमार, जीत शर्मा, अंकित नाथ, शंकर रावत, अमित, करन जोशी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।