उत्तराखंड: पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में राज्य कोटे की सीटों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, पहला विद्यार्थी पहुंचा
लंबे इंतजार के बाद पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में राज्य कोटे की 43 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य कोटे की सीट पर प्रवेश लेने पहला विद्यार्थी पहुंचा, लेकिन देरी से पहुंचने पर उसका प्रवेश नहीं हो सका।
विस्तार
आखिरकार लंबे इंतजार के बाद पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में राज्य कोटे की 43 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कॉलेज में राज्य कोटे की सीट पर प्रवेश लेने पहला विद्यार्थी पहुंचा। देरी से पहुंचने पर उसका प्रवेश नहीं हो सका। बृहस्पतिवार यानी आज उसे प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर 26 अक्तूबर से विद्यार्थियों के कुशल डॉक्टर बनाने के लिए पढ़ाई शुरू होगी।
पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में 50 सीटों में विद्यार्थियों को एमबीबीएस में प्रवेश दिया जाना है। केंद्र कोटे की सात तो राज्य कोटे की 43 सीटों में प्रवेश होने हैं। बुधवार से राज्य कोटे की सीटों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन प्रवेश पाने के लिए सिर्फ एक छात्र ही पहुंचा वह भी देरी से। ऐसे में उसका प्रवेश नहीं हो सका।
अब छात्र को बृहस्पतिवार यानी आज प्रवेश दिया जाएगा। राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश लेने के लिए विद्यार्थियों का पहुंचना शुरू हो गया है इससे कॉलेज प्रबंधन में राहत है। कॉलेज प्रबंधन के मुताबिक, 25 अक्तूबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी होगी। 26 अक्तूबर से पढ़ाई शुरू होगी और विद्यार्थी कुशल डॉक्टर बनने की राह में आगे बढ़ेंगे।
केंद्र कोटे की रिक्त सीटों को भरने के लिए चौथी काउंसलिंग स्थगित
मेडिकल कॉलेज में केंद्र कोटे की रिक्त चार सीटों में प्रवेश की प्रक्रिया को रोक दिया गया है। मेडिकल कॉलेज के मुताबिक, केंद्र कोटे की रिक्त सीटों को भरने के लिए चौथी काउंसलिंग की जानी थी। लेकिन चौथी काउंसलिंग की सूची जारी नहीं होने से प्रवेश प्रक्रिया को रोका गया है। दो से तीन के बाद काउंसलिंग की सूची जारी होने की उम्मीद है। इसके बाद केंद्र की रिक्त सीटों में विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज में राज्य कोटे की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बृहस्पतिवार से विद्यार्थियों के प्रवेश लेने की उम्मीद है। वहीं जल्द केंद्र की रिक्त सीटों के लिए काउंसलिंग सूची भी जारी होगी। - डॉ. एके सिंह, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़