टांगा(पिथौरागढ़)। बुधवार को चलाए गए रैस्क्यू ऑपरेशन में एनडीआरएफ के 29, आईटीबीपी के 19, एसडीआरएफ के 12, पुलिस व राजस्व, पेयजल, खाद्य आपूर्ति, होमगार्ड, पीआरडी, पुलिस संचार विभाग के 32 कर्मियों समेत 90 जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। क्षेत्र में खोज एवं बचाव कार्यों को और अधिक तेजी से करने के लिए एसडीआरएफ के 14 जवानों की अतिरिक्त टीम क्षेत्र में पहुंच गई है। बुधवार को भी जवानों को मलबे में दबे शवों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बुधवार को जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने आपदा प्रभावित क्षेत्र गैला पत्थरकोट का भी स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान वह प्रभावितों से मिले और राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सेराघाट में रेस्क्यू कार्य में तैनात विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों, राहत एवं बचाव दलों सहित विभागों के अधिकारियों कार्मियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सीएम को क्षेत्र के प्रत्येक आपदा प्रभावित गांव में चिकित्सा कैंप करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बीआरओ को जौलजीबी- मुनस्यारी मोटर मार्ग एवं पिथौरागढ़-तवाघाट मोटर मार्ग में अतिरिक्त मशीन व मैन पॉवर लगाकर मार्ग को शीघ्र खोलने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पशु चिकित्सा विभाग को मानसून काल में पशुओं में होनी वाले विभिन्न रोगों की रोकथाम हेतु सभी क्षेत्रों में विभागीय टीम भेज कर पशुओं में टीकाकरण कराने के निर्देश दिए हैं।