पिथौरागढ़। सीमांत जिले के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कारण जन जीवन अस्त व्यस्त बना हुआ है। भारी बारिश से चीन सीमा को जोड़ने वाली चार सड़कों के अलावा आठ अन्य सड़कें बंद चल रही हैं। इधर मुनस्यारी तहसील के चौना में भारी बारिश के कारण दो आवासीय मकान खतरे की जद में आए गए हैं। लोगों ने शीघ्र सुरक्षात्मक कार्य करने की मांग की है।
सीमांत जिले के धारचूला में सर्वाधिक 55.4 एमएम बारिश, मुनस्यारी में 7.2, बेड़ीनाग में 3.5, डीडीहाट में 1.4 और पिथौरागढ़ में 0.5 एमएम बारिश हुई। भारी बारिश से चीन सीमा को जोड़ने वाली तवाघाट-सोबला, घटियाबगड़- लिपूलेख, गुंजी-कुटी-ज्योलिंगकांग, सोबला-दर- तिदांग सड़क बंद चल रही है। इधर ग्रामीण क्षेत्र को जोड़ने वाली बांसबगड़-गूंठी, नाचनी-भैंसकोट, गिनीबैंड-समकोट, छिरकिला-जम्कू, कालिका-खुमती, सेराघाट- बलतड़ी, बांस-आंवलाघाट, तवाघाट- नारायण आश्रम सड़क बंद चल रही है। मुनस्यारी के चौना ग्राम पंचायत में महेंद्र सिंह पुत्र मोहन सिंह और कुशल सिंह पुत्र मोहन सिंह के आवासीय मकान के आंगन की दीवार गिर गई है। इससे दोनों भाइयों का मकान खतरे की जद में आ गए हैं। प्रभावित परिवारों ने शीघ्र ही सुरक्षात्मक कार्य करने की मांग की है।(संवाद)