तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित आंगनबाड़ी वर्कर सुषमा पंचपुरी का पूर्व मंत्री, मंत्री प्रसाद नैथानी और श्री बदरीश पंडा पंचायत की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर आयोजित गोष्ठी में नैथानी ने क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा कर सितंबर से मुख्यमंत्री आवास पर धरने पर बैठने की घोषणा की।
शुक्रवार को आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में नैथानी ने पंचपुरी को पुष्पमाला भेंट करते हुए निस्वार्थभाव से कार्य करने को कहा। इस मौके पर उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बदरीनाथ धाम में देवप्रयाग निवासी तीर्थपुरोहितों की सलाह के बिना मास्टर प्लान लागू किया जाना पूरी तरह अनुचित है। सरकार यहां 224 करोड़ का मास्टर प्लान अपने चहेतों को फायदा पहुंचाने के लिए लागू कर रही है। इसको तीर्थपुरोहितों के पुनर्वास और मुआवजे की सहमति के बाद लागू किया जाना चाहिए था। सरकार ने उत्तराखंड के 140 उपेक्षित तीर्थस्थलों को छोड़कर उन तीर्थ स्थलों को देवस्थानम बोर्ड में शामिल किया है जिनसे मोटी कमाई होती है। उन्होंने 11 मई को नगर की शांता नदी की आपदा से प्रभावित पीड़ितों को अब तक मुआवजा न दिए जाने पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि 30 अगस्त तक पूर्व सीएम की घोषणा के अनुसार मुआवजा नहीं दिया जाता है तो वह सितंबर में सीएम आवास पर धरने पर बैठेंगे। इस मौके पर पंडा पंचायत अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी, कांग्रेस नगर अध्यक्ष त्रिलोक सिंह, जिला पंचायत सदस्य रमा बल्लभ भट्ट, मुकेश प्रयाग वाल, माणिक लाल ध्यानी, अनुसूया मिश्रा, शिला पंचभैया, नंदा कोटियाल, दीप माला, शिल्पी, अंजना भट्ट आदि मौजूद थे।