उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डा. धन सिंह रावत ने विकासखंड थलीसैण के मज्यूर गांव में टिंचरी माई (दीपा नौटियाल) स्मारक एवं मूर्ति स्थापना के लिए भूमि पूजन व शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ में शराबबंदी के लिए टिंचरी माई का योगदान अहम है। वह पहाड़ का अभिमान हैं। राज्यमंत्री ने कहा कि कोटद्वार के सिगड्डी क्षेत्र की पेयजल समस्या के लिए दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री से मुलाकात करने वाले टिंचरी मार्ग की स्मारक बनने के बाद प्रतिवर्ष जून माह में यहां भव्य आयोजन भी किया जाएगा।
बुधवार को उच्च शिक्षा, सहकारिता व दुग्ध विकास राज्यमंत्री डा. धन सिंह रावत ने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के देवलसैण, झलपाणी, कुल्याणी में जनसंपर्क किया। हस्यूणी, पोखरी में स्वच्छता अभियान के तहत ग्रामीणों को कूड़ेदान वितरित किए। डा. रावत ने कहा कि टिंचरी माई स्मारक स्थल पर उनके योगदान का सूचना पट लगाया जाए। जिससे उनके जीवन दर्शन की जानकारी पर्यटकों को भी मिले। कहा कि थलीसैंण ब्लाक के एक इंटर कॉलेज को चयनित कर टिंचरी माई के नाम से रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के 10 महापुरुषों का स्मारक बनाने का निर्णय लिया गया था। जिसमें ज्यादातर स्मारक बन चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने हर वर्ष उत्तराखंड के 5 शिक्षकों को भक्त दर्शन अवार्ड दिए जाने की बात कही। साथ ही हंसेश्वर महादेव में चहारदीवारी व शौचालय का निर्माण जल्द किए जाने व गंगाऊ में स्टेडियम बनाने का आश्वासन दिया। इससे पहले मंत्री रावत ने पाबौ ब्लाक के कुल्याणी गांव में सेब के डेढ़ हजार पौध वितरित किए। कहा कि कुल्याण पाबौ ब्लाक का पहला एप्पल गांव बनेगा। भ्रमण के तहत मंत्री रावत ने जीजीआईसी पाबौ में कक्ष-कक्षाओं को लोकार्पण, कुल्याणी में पंचायत सेवा केंद्र का लोकार्पण, बुरांशी में बहुउद्देशीय पंचायत घर का शिलान्यास, विधायक निधि से कोठाचौक सौंदर्यीकरण का लोकार्पण, भरसार में यात्री शेड का शिलान्यास, कफल्ड में पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि जगदीश प्रसाद मंमगांई, सुरेंद्र नेगी, आनंद सिंह, नवीन जोशी, मनवर सिंह बिष्ट, प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।