कोविड ड्यूटी में नियुक्त राजकीय उप जिला अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों ने सोमवार से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप धरना देते हुए 31 मार्च के बाद सेवा समाप्त न करने की मांग की।
यहां बता दें कि उप जिला अस्पताल में कोविड काल में आउटसोर्स से 9 कर्मचारियों की विभिन्न पदों पर तैनाती की गई। इन कर्मचारियों की ड्यूटी वैक्सीनेशन, वार्ड, डाटा इंट्री और सैंपलिंग में लगाई गई। पूर्व में स्वास्थ्य विभाग का अनुबंध 28 फरवरी को खत्म हो रहा था, जिससे शासन ने 31 मार्च या कोविड संक्रमण खत्म होने तक बढ़ा दिया गया था। इस बीच मुख्य चिकित्सा अधिकारी पौड़ी ने उप जिला अस्पताल के सीएमएस को पत्र भेजकर 31 मार्च के बाद काम न लेने के निर्देश दिए हैं। सेवा समाप्त होने की वजह से कर्मचारी आक्रोशित हैं। सोमवार से आउटसोर्स कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए धरना दिया। धरना देने वालों में सोनी कौर, शकुंतला, संचिता, लक्ष्मी मेहरा, अंगीता, विकास, रूपा, शीतल, सूरज, दीपक, अंकित, विनय और सीमा शामिल थे।