राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में सत्र 2021-22 की एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू हो गई हैं। प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया में 111 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है। शेष रिक्त सीटों में दूसरे चरण की प्रक्रिया में प्रवेश होंगे।
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज मेें तीन से सात फरवरी तक एमबीबीएस प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया चली। काउंसिलिंग के माध्यम से कॉलेज को राज्य कोटे में 116 और ऑल इंडिया कोटे में 19 अभ्यर्थियों का आवंटन हुआ था। राज्य कोटे में 108 ने प्रवेश लिया, जबकि ऑल इंडिया कोटे में सिर्फ तीन प्रवेश हुए। यहां बता दें कि सत्र 2021-22 से कॉलेज में एमबीबीएस की 150 सीट हो गई हैं। इस साल से यहां 50 सीट की वृद्धि हुई है। अभी यहां 39 सीट रिक्त हैं। अब संस्थान में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं की कक्षाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल 40 छात्र-छात्राओं ने कक्षा में उपस्थिति दी है। यूजी/पीजी फैकल्टी नोडल इंचार्ज प्रो. अनिल द्विवेदी ने बताया कि एनएमसी (राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग) की गाइडलाइन के अनुसार एक हफ्ते तक सुबह 8 से शाम 5 बजे तक फाउंडेशन कोर्स चलेगा। इसमें प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को मेडिकल से संबंधित सामान्य जानकारियां दी जा रही हैं। सोमवार से सुबह 8 से शाम 4 बजे तक एनॉटमी, फिजियोलॉजी व बायोकेमेस्ट्री पढ़ाई होगी। छह माह तक शाम 4 से 5 बजे फाउंडेशन कोर्स चलेगा। प्राचार्य प्रो. सीएम रावत के अनुसार, रिक्त सीटों के लिए दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया चलेगी।