राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में ऋतिक पांडे मिस्टर जील-2021 और ख्याति मिस जील-2021 चुने गए। वहीं, देर शाम विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए।
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में आयोजित आठ दिवसीय जील-2021 (वार्षिक सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिता) का शुक्रवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन गायन स्पर्धा (सिंफोनिका) संपन्न हुई। एकल वर्ग में शिवांगी ने बाजी मारी। दीप्ति ने दूसरा और संजय पुरोहित ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। युगल वर्ग में दीप्ति व चेतन की जोड़ी प्रथम स्थान पर रही। उर्वशी एवं गौरव द्वितीय और अर्चना व हिमांशु तृतीय स्थान पर रहे। समूह गान में गौरव ग्रुप ने पहला, अखिलेश ग्रुप ने दूसरा और शिवांगी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। टेबल टेनिस मिश्रित युगल में हर्षिता काला व सौम्य प्रसाद की जोड़ी विजेता रही। प्राची व प्रियांशु कंडवाल की जोड़ी उपविजेता रही। कार्यक्रम समन्वयक प्रो. दीपा हटवाल ने बताया कि हिमांशु स्टार ऑफ द नाइट रहे। पुरुष वर्ग में हार्दिक हटवाल और मीनाक्षी को महिला वर्ग में बेहतर वेशभूषा का खिताब मिला। वहीं, मेडिको प्रीमियर लीग (क्रिकेट प्रतियोगिता) पुरुष वर्ग में राइजिंग बूमर्स और महिला वर्ग में स्क्वायड गर्ल्स चैैंपियन बने। राइजिंग बूमर्स ने प्रतिद्वंद्वी स्कॉर्पियॉन को 16 रन से हराया। विकास रावत मैन ऑफ द मैच रहे। स्क्वायड गर्ल्स ने वारियर्स को 2 विकेट से पराजित किया। खुशी सिंह मैन ऑफ द मैच रही। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने सेना के जवानों पर आधारित गीत कश्मीरी बार्डरा मा प्यारी, मैं अफी लडूला... गीत सुनाकर भावुक कर दिया।