कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए तीन मरीजों को श्रीनगर मेडिकल कॉलेज से छुट्टी मिल गई है। स्टॉफ की ओर से कोरोना पर विजय पाने वाले तीनों मरीजों पर पुष्पवर्षा की गई। वहीं उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने सम्मान सहित उन्हें घर भेजा। इस मौके पर उन्होंने कॉलेज के 13 कोरोना योद्धाओं को भी गीता और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में विभिन्न जिलों के 18 कोरोना पॉजिटिव मरीज भर्ती हुए थे। उपचार के दौरान तीन मरीजों की दूसरी कोरोना जांच कराई गई, जो निगेटिव निकली। कोरोना संक्रमण मुक्त होने पर तीनों पर पुष्प वर्षा कर सम्मान सहित घर के लिए विदा किया गया। इनमें दो युवक टिहरी जिले के कीर्तिनगर ब्लॉक और एक युवती श्रीनगर की रहने वाली है। सभी अन्य प्रदेशों से उत्तराखंड लौटे थे। राज्य मंत्री डा. रावत और कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने ठीक हुए लोगों से अनुरोध किया कि घर जाकर सामाजिक दूरी का अवश्य पालन करें। वहीं मंत्री द्वारा कॉलेज कोरोना योद्धा प्रो. केएस बुटोला, प्रो. पुष्पेंद्र सिंह, बेस अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. केपी सिंह, डा. अर्जुन सिंह, डा. मोनिका नेगी, संदीप पंवार, लोकेंद्र सिंह, बीएस बर्तवाल, मनीषा राज, पंकज रावत, महावीर, उषा और अतर सिंह को सम्मानित किया गया। इस दौरान राज्य मंत्री दर्जाधारी अतर सिंह असवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली, जिला मीडिया प्रभारी गणपति भट्ट, सभासद विभोर बहुगुणा, विनीत पोस्ती और कैलाश कपरूवान आदि मौजूद थे।