उच्च शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के बीरोंखाल ब्लाक स्थित जनता इंटर कालेज चौखाल में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शिविर के माध्यम से प्रदान किया जाए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और निस्तारण के निर्देश दिए। कहा कि जनता को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बहुउद्देशीय शिविर में उच्च शिक्षा मंत्री ने राठ विकास अभिकरण के सहयोग से क्षेत्र के गांवों की 185 महिलाओं को मुख्यमंत्री घसियारी किट वितरित की गई। साथ ही कई युवक मंगल दलों को क्रिकेट किट भी दी गई। वहीं मंत्री ने नेशनल हेल्थ मिशन के तहत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर चौखाल का शिलान्यास किया। जबकि थलीसैंण ब्लाक के भीड़ा-गंगाऊ मार्ग के नवनिर्माण का शिलान्यास किया। इस दौरान ग्राम गंगाउ में मुख्यमंत्री राहत कोष के लाभार्थियों को चेक वितरित भी किए गए। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत, एआर कॉ-ऑपरेटिव पौड़ी सुमन कुमार, प्रधान गंगाऊं रेखा देवी, मंजू देवी, गोपाल रावत, रमेश लाल, राजेंद्र लाल, रितिका, प्रीति आदि मौजूद रहे।