पूर्व मुख्यमंत्री व गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि अंकिता हमारी बेटी है। मैं दुख की खड़ी में आपके साथ खड़ा हूं। उन्होंने कहा घटना में जो भी हो, वह चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि डीएम पौड़ी को पीड़ित परिवार को जल्द मुआवजा दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
पूर्व सीएम व गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने अंकिता के परिजनों से मुलाकात की। सांसद रावत ने अंकिता के पिता से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और ढांढस बंधाया। पूर्व सीएम रावत ने बताया 22 सितंबर को जैसे ही अंकिता के पिता से घटना की जानकारी मिली। उन्होंने राजस्व पुलिस की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई थी। कहा तत्काल डीएम पौड़ी को मामला राजस्व पुलिस से रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित किए जाने के निर्देश दिए थे। 22 को ही मामला हस्तांरित होते ही 23 सितंबर को रेगुलर पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया था। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में मैं आपके साथ खड़ा हूं। घटना में जो भी हो, वह चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। कहा ऐसी घटना अन्य किसी के साथ घटित न हो, इसलिए आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। सांसद ने अंकिता के पिता से कहा कि आप स्वयं को अकेला न समझे हम सब आपके साथ हैं। पिता बीएस भंडारी ने पूर्व सीएम से मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में किए जाने और आरोपियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दिलवाए जाने की मांग की। सांसद रावत ने कहा कि सरकार ने इस दिशा में ठोस प्रयास किए हैं। पूर्व सीएम ने कहा डीएम पौड़ी को रिजॉर्ट के सभी पहलुओं की जांच कर मानकों के खिलाफ पाए जाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, ग्राम प्रधान बैंग्वाड़ी मधु खुगशाल, पीआरओ विजय सती आदि मौजूद रहे।