पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग मुख्यालय में धंस गया है जिससे यहां आवाजाही में खतरा बना है। स्थानीय लोगों ने लोनिवि प्रांतीय खंड की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके से जा रहे क्षेत्रीय विधायक का वाहन लोगों ने रोक दिया और मार्ग के जल्द ट्रीटमेंट की मांग की। विधायक राजकुमार पोरी ने ईई को मार्ग के धंसाव का जल्द ट्रीटमेंट करने के निर्देश दिए। वहीं लोनिवि ने मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग मुख्यालय में धंसने से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। इस दौरान वहां से विधायक राजकुमार पोरी जा रहे थे कि लोगों ने उनका वाहन रोक दिया और आगे जाने नहीं दिया। सभासद अनीता रावत ने कहा कि मार्ग लंबे समय से धंसा हुआ है और दोपहिया वाहनों के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। भारी वाहन इस मार्ग से नहीं जा पा रहे हैं। कहा कि डीएम, एडीएम, एसडीएम, लोनिवि के तमाम अधिकारी यहां से गुजरते हैं, लेकिन कोई मार्ग की सुध लेने को तैयार नहीं है। सांसद प्रतिनिधि धर्मवीर सिंह रावत ने कहा कि कल्वर्ट बंद होने से मार्ग पर नालियों का पानी बह रहा है। वहीं सूचना पर पहुंचे पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम ने कहा कि लोनिवि को कई बार घटना की सूचना दी गई, लेकिन विभागीय अधिकारी उदासीन ही बने रहे। उन्होंने सड़क के धंसाव का जल्द ट्रीटमेंट करने की मांग की। इसके बाद विधायक पोरी ने लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता डीसी नौटियाल को तत्काल मार्ग के ट्रीटमेंट के निर्देश दिए। वहीं ईई डीसी नौटियाल ने बताया कि पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर मुख्यालय में भू-धंसाव के कारण भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। कहा कि धंसाव का ट्रीटमेंट तत्काल शुरू किया जा रहा है।