{"_id":"ee97f449adf71bf6529e583741594f91","slug":"women-s-colleges-in-the-state-will-be-the-ideal-college-cm-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रदेश का आदर्श महाविद्यालय बनेगा महिला कालेज : मुख्यमंत्री","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
प्रदेश का आदर्श महाविद्यालय बनेगा महिला कालेज : मुख्यमंत्री
ब्यूरो/अमर उजाला, हल्द्वानी
Updated Sat, 28 Mar 2015 02:02 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश के एक मात्र राजकीय महिला महाविद्यालय को आदर्श महिला महाविद्यालय बनाया जाएगा। महिला महाविद्यालय का नाम इंदिरा प्रियदर्शनी कालेज ऑफ कामर्स किए जाने के साथ ही इसमें बीकॉम आनर्स विषय शुरू करने और कालेज को स्नातकोत्तर का दर्जा दिए जाने की घोषणा की गई।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री रावत शुक्रवार को नवाबी रोड स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव एवं मेधावी छात्रा सम्मान समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने उच्चशिक्षा निदेशक डा. बीसी मेलकानी एवं महिला महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डा. जीएस बिष्ट को निर्देश दिए कि वे व्यावसायिक शिक्षा का पाठ्यक्रम तैयार करें तथा आगामी सत्र से अन्य विषयों के साथ ही व्यावसायिक शिक्षा भी इस महाविद्यालय में प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आगामी वित्तीय वर्ष में हल्द्वानी महिला डिग्री कालेज के लिए अलग से बजट का प्रावधान किया है।
विज्ञापन
श्री रावत ने कहा कि हल्द्वानी का राजकीय महिला महाविद्यालय इंदिरा प्रियदर्शनी कालेज ऑफ कामर्स के नाम से जाना जाएगा। इसके लिए सरकार ने सैद्धांतिक सहमति दे दी है। इसमें बीकॉम आनर्स एवं एमकॉम की कक्षाओं के अलावा संगीत, चित्रकला, कंप्यूटर, व्यायाम शिक्षा, पीजी में एमए एवं एमएससी के भी कुछ विषय शुरू किए जाएंगे। महाविद्यालय में खेल का मैदान विकसित किया जाएगा। उन्होंने हल्द्वानी के आर्य ललित कन्या इंटर कालेज में आगामी सत्र से कॉमर्स विषय प्रारंभ किए जाने की भी घोषणा की।
विज्ञापन
समारोह की अध्यक्षता करते हुए वित्त एवं उच्चशिक्षा मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों को एक्सीलेंसी की दिशा में काम करने को कहा गया है। विश्वविद्यालय कैंसर, कामर्स, कंप्यूटर एप्लीकेशन, जड़ी-बूटी, आयुर्वेद पर आधारित विज्ञान, जल संरक्षण एवं संवर्द्धन जैसे विषयों पर कार्य करेंगे। उन्होंनेे बताया कि प्रदेश सरकार ने आगामी वित्तीय वर्ष में उच्चशिक्षा के लिए 178.56 करोड़ रुपए बजट का प्रावधान किया है। उन्होंने घोषणा की कि महिला कालेज में लाइट स्ट्रेक्चर के क्लासरूम एवं हाईटैक शौचालय बनाए जाएंगे तथा सीए, सीएस की निशुल्क कोचिंग शुरू की जाएगी।
इस दौरान छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। संचालन डा. बृजेश पांडेय ने किया। समारोह में श्रममंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, अध्यक्ष आपदा प्रबंध प्रयाग भट्ट, सदस्य मलिन बस्ती समिति खजान पांडे, मंडी समिति चेयरमैन सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक नारायण पाल, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया, मोहन पाठक, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री केदार पलडिया, पूर्व सांसद प्रतिनिधि वीरेंद्र गुप्ता, राहुल छिमवाल, संध्या डालाकोटी, कुमाऊं विवि छात्र महासंघ के महासचिव हरीश पलडिया, छात्रसंघ अध्यक्ष संजय रावत, पूर्व अध्यक्ष लाल सिंह पंवार, विजय सिजवाली, मनोज खुल्बे, मंजू सांगुडी, उच्चशिक्षा के सहायक निदेशक डा. अनुराग अग्रवाल आदि मौजूद थे।