Haldwani News: जून 2025 से आसान हो जाएगा नैनीताल-हल्द्वानी का सफर, चौड़ीकरण के साथ ही टू लेन बन जाएगी रोड
पर्यटन एवं रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने काठगोदाम नैनीताल मार्ग के टू लेन निर्माण के लिए सात अरब दस करोड़ की राशि की घोषणा की थी। 2025 के ग्रीष्मकालीन सीजन तक पूरा कर लिया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नैनीताल हल्द्वानी मार्ग में काठगोदाम से नैनीताल तक का चौड़ीकरण और टू लेन निर्माण का कार्य जून 2025 तक पूरा हो जाएगा जिससे इसमें सफर अधिक सुरक्षित और आसान होने के साथ ही यात्रा का समय भी घट जाएगा। साथ ही प्रस्तावित रानीबाग-नैनीताल रोपवे का सारा खर्च भी केंद्र सरकार वहन करेगी। कुमाऊं से गढ़वाल की सीधी कनेक्टिविटी के लिए कंडी मार्ग पर एलीवेटेड रोड के निर्माण पर भी केंद्रीय सड़क मंत्री नितिन गडकरी ने सहमति जताई है।
पर्यटन एवं रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने काठगोदाम नैनीताल मार्ग के टू लेन निर्माण के लिए सात अरब दस करोड़ की राशि की घोषणा की थी। अब इसे बहुत तेजी से पूरा किया जाएगा और 2025 के ग्रीष्मकालीन सीजन तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रानीबाग-नैनीताल रोपवे निर्माण भी अब जल्द शुरू होगा। इसकी लंबाई 14.7 किलोमीटर होगी और यात्रा का समय मात्र 20 मिनट का रहेगा। अजय भट्ट ने कहा कि इन दोनों योजनाओं के बाद नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर जाम की समस्या का स्थायी निदान हो जाएगा। भट्ट ने कहा कि नैनीताल की दशकों पुरानी बलियानाला समस्या जल्द दूर हो जाएगी। इसका ट्रीटमेंट कार्य शुरू कर दिया गया है। साथ ही सीवर ट्रीटमेंट प्लांट को रूसी से पटवाडांगर स्थानांतरित कर जल्द ही निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
ये पढ़ें- Haldwani Riots: सफाई कर्मचारियों ने लिया बड़ा निर्णय, बोले- हम नहीं जाएंगे बनभूलपुरा, मांगी सुरक्षा की गारंटी
कुमाऊं गढ़वाल के बीच एलीवेटेड कंडी मार्ग पर सहमति
अजय भट्ट ने बताया कि कुमाऊं और गढ़वाल के बीच बगैर उत्तर प्रदेश जाए सीधी कनेक्टिविटी के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सहमति दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश से प्रस्ताव मिलने पर इस पर त्वरित निर्णय लिया जाएगा। भट्ट ने बताया कि स्वीकृति मिलने पर इस मार्ग को इस प्रकार आधुनिक तकनीक से और एलीवेटेड बनाया जाएगा जिससे वन्य जीवों के आवागमन मार्गों, कॉरिडोर पर कोई फर्क न पड़े। साथ ही वन्यजीवों के निर्बाध आवागमन और दैनिक जीवन पर कोई भी विपरीत प्रभाव न पड़े। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से कुमाऊं गढ़वाल के बीच यात्रा सुगम होने के साथ ही इनके बीच की दूरी भी बहुत कम हो जाएगी और समय और ईंधन की भी बचत होगी।
काठगोदाम नैनीताल मार्ग का चौड़ीकरण एनएच अथॉरिटी करेगी। विभाग के अभियंता एमबी थापा ने बताया कि यह मार्ग वर्तमान में छह से नौ मीटर तक चौड़ा है जबकि बनने के बाद इसकी कुल चौड़ाई 12 मीटर हो जाएगी। इसमें पड़ने वाले कलसिया पुल सहित सभी पुलियाओं को भी चौड़ा और सुदृढ़ किया जायगा। साथ ही सड़क के सभी ब्लाइंड कर्व्स समाप्त कर दिए जाएंगे और सड़क का स्लोप प्रोटेक्शन सुधारा जाएगा। इससे यात्रा सुरक्षित होने के साथ सफर का समय भी बहुत कम हो जाएगा। थापा ने बताया कि निर्माण से पूर्व इसके लिए वन भूमि स्थानांतरण और मुआवजे की प्रक्रिया भी की जाएगी।