प्रसूता की मौत पर फूटा गुस्सा: अस्पताल के बाहर छह घंटे हंगामा, पुलिस के समझाने पर भी नहीं माने परिजन
हल्द्वानी के पीएसपी अस्पताल में प्रसव के दौरान हुई अर्शदीप कौर की मौत के बाद शनिवार को उनके परिजनों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। अस्पताल परिसर में लगभग छह घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने दो अहम मांगें रखीं।
विस्तार
कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के रामपुर रोड स्थित पीएसपी अस्पताल में प्रसव के बाद हुई गौलापार के सीतापुर निवासी अर्शदीप कौर (23) की मौत के दूसरे दिन शनिवार को अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। करीब छह घंटे तक परिजन धरना प्रदर्शन पर बैठे रहे। प्राथमिकी दर्ज करने और जांच होने तक अर्शदीप का इलाज करने वाले सभी चिकित्सकों को काम से रोकने की मांग रखी। कई घंटे तक हंगामे के बाद सीएमओ और सिटी मजिस्ट्रेट पहुंचे और परिवार से बातचीत की। इसके बाद परिजनों ने तहरीर सौंपी और सीएमओ ने सात दिन में जांच कर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया। शाम करीब छह बजे परिजन घरों को लौटे।
पुलिस को दी तहरीर में तलविंदर सिंह ने बताया कि 11 नवंबर को वह पत्नी अर्शदीप कौर को लेकर अस्पताल पहुंचे थे। यहां चिकित्सकों ने प्रसव के लिए अर्शदीप का ऑपरेशन किया। इसके बाद जच्चा-बच्चा दोनों को जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया। यहां पत्नी की तबियत बिगड़ने लगी। कई बार कहने के बाद 12 नवंबर की सुबह चार बजे उसे आईसीयू में ले जाया गया और सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए गए। रात करीब 12 बजे डॉक्टरों ने पत्नी की मौत के बारे में बताया। आरोप है कि डॉक्टर बार-बार उन्हें पत्नी के ठीक होने की बात कहते रहे लेकिन मिलने नहीं दिया गया। यहां तक कि सुरक्षा गार्डों से बाहर फिंकवाने और प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी भी दी। दो दौर की बातचीत हुई विफल
अनसुनी करते रहे डॉक्टर
नए कानून के तहत उपचार के दौरान या उसके बाद मरीज की मौत होने के मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकती। मुख्य चिकित्सा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाती है। तहरीर मिली है, सीएमओ की जांच समिति की रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी। -हरबंस सिंह, एसपी सिटी जांच समिति गठित कर दी गई है, सात दिन में रिपोर्ट ली जाएगी। सोमवार से जांच शुरू होगी। महिला का पूर्व में भी किसी अन्य निजी अस्पताल से इलाज हुआ था वहां से भी दस्तावेज जुटाए जाएंगे। फिलहाल विभागीय जांच पूरी होने तक उन दोनों चिकित्सकों को काम से रोक दिया गया है जिन्होंने इलाज किया था। अस्पताल के सीसीटीवी कैमरा फुटेज और केस फाइल को कब्जे में ले लिया गया है। -रश्मि पंत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नैनीताल ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा को वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। अगले दिन सुबह चार बजे महिला का यूरिन आउटपुट कम पास होने लगा। बीपी और पल्स रेट में भी दिक्कत आने लगी। जांच में पता चला कि फेफड़े के पास और हार्ड में डिफेक्ट होने लगा। ऐसी समस्या रेयर होती है। मौत का कारण दिल का काम नहीं करना रहा। हालांकि उस दौरान जब सीपीआर करने लगे तो तीमारदारों की ओर से नहीं करने दिया गया। डॉक्टर के साथ भी मारपीट की गई और वह अभी तक वापस नहीं आए हैं। -डॉ. पूनम गंगोला बिष्ट मरीज के इलाज में चिकित्सा टीम पूरी मुस्तैदी से जुटी रही। भर्ती से लेकर ऑपरेशन और उपचार तक के सभी चिकित्सकीय रिकॉर्ड अस्पताल के पास उपलब्ध हैं। चिकित्सा संबंधी तथ्यों और रिकॉर्ड की पारदर्शी समीक्षा कराई जाएगी और सक्षम अधिकारियों को जांच में पूरा सहयोग दिया जाएगा। - दान सिंह मेहता, लाइजनिंग आफीसर पीएसपी अस्पताल
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे परिजन अस्पताल पहुंचे और परिसर में ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान ऑपरेशन करने वाली डॉक्टर से मिलवाने, चिकित्सकों पर प्राथमिकी दर्ज करने, इलाज से संबंधित सभी रिपोर्ट, सीसीटीवी कैमरा फुटेज दिखाने और कार्रवाई करने की मांग रखी। उन्होंने जमकर नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पर एसपी सिटी हरबंस सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन दो बार की बातचीत के बाद भी बात नहीं बनी। बाद में सीएमओ रश्मि पंत और सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी पहुंचे। परिजनों के साथ बैठकर बातचीत की और निष्पक्ष जांच व कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाया। इस दौरान सपा के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी और अन्य लोग भी परिजनों के साथ धरने पर बैठे।
तरविंदर सिंह ने बताया कि अर्शदीप की हालत बिगड़ने पर डॉक्टर केवल इंजेक्शन लगाते रहे। बाद में मरीज को सांस की दिक्कत होने की बात कही। दूसरे डॉक्टर के पास जाने पर उनसे अभद्रता की गई और रेफर करने की बात भी नहीं मानी। कुछ देर बाद लंग्स में पानी भरने और यूरिन पास न होने की बात कही। उन्होंने अस्पताल और संबंधित डॉक्टर का लाइसेंस रदद करने और उन पर कार्रवाई करने की मांग रखी है।
