{"_id":"652f610053f278aa080afd44","slug":"uma-devi-died-after-being-injured-in-collision-with-bikers-in-nainital-2023-10-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"दर्दनाक हादसा: शहनाई गूंजने से पहले मां का आंचल छिना, तीन सप्ताह बाद होनी है शादी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दर्दनाक हादसा: शहनाई गूंजने से पहले मां का आंचल छिना, तीन सप्ताह बाद होनी है शादी
Wed, 18 Oct 2023 10:07 AM IST
हीरा मेहरा
अमर उजाला नेटवर्क, नैनीताल
अमर उजाला नेटवर्क, नैनीताल
Published by: हीरा मेहरा
Updated Wed, 18 Oct 2023 10:07 AM IST
सार
नैनीताल में बाइक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है। यह खबर सुन लोगों में लापरवाही और तेज गति से चलने वाले बाइकर्स के प्रति गुस्सा है। बाइकर्स के खिलाफ की मांग की जा रही है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नैनीताल सड़क हादसे में जान गंवाने वाली उमा दत्त की बेटी वैष्णवी की आंखों में आंसू हैं। अपने विवाह से ठीक 21 दिन पहले मां का आंचल छिनने से बेटी पूरी तरह टूट चुकी है। बेटी बचाओ का संदेश भले ही हर बार-बार सबकी जुबां पर आता हो लेकिन इस बेटी को प्रशासन या शासन से मदद तो दूर अब तक सांत्वना तक नहीं मिली है।
विज्ञापन
वैष्णवी ने बताया कि जिस दिन यह दुर्घटना हुई वह घर में ट्यूशन पढ़ा रही थी। इन दिनों घर में विवाह की तैयारी चल रही थीं। तभी पुताई करने वाला आया था और मां उसे घर की दीवार दिखाने बाहर गईं। जाते हुए बोलीं कि बस पांच मिनट में आ रही हूं। यही उनके आखिरी शब्द थे और पांच दिन बाद घर पर उनका मृत शरीर ही आया।
विज्ञापन
उमा देवी के पति का लगभग 22 वर्ष पूर्व कैंसर से निधन हो गया था। उमा नगर पालिका में दाई का काम करती थीं। वहां से सेवानिवृत्ति के बाद जैसे-तैसे परिवार पाल रही थीं। पति के निधन के बाद संघर्ष में ही जीवन गुजरा, पहली बार घर में खुशी का माहौल बना था लेकिन इस हादसे ने सब कुछ बर्बाद कर दिया।
विज्ञापन
बेटी की शादी का लहंगा नहीं देख पाई मां
उमा देवी और उनका परिवार जोरों से वैष्णवी के विवाह की तैयारी में लगा था। वैष्णवी ने एमएससी बीएड किया है और सात नवंबर को स्थानीय युवक से उसका विवाह होना तय हुआ था। वैष्णवी को मलाल है कि मां उसे दुल्हन तो दूर उसके विवाह के जोड़े तक में नहीं देख सकी जो एक-दो दिन में ही आने वाला था। उसका छोटा भाई 22 वर्षीय कुणाल रोजगार की तलाश में है और कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार है। इन दिनों उसका इलाज चल रहा है और उसकी सर्जरी भी होनी है।
अनगिनत बच्चों का सहारा बनीं खुद का परिवार हुआ बेसहारा
हादसे में मृत उमा देवी ने जीते जी दाई के रूप में कई परिवारों में प्रसव करवाकर खुशियां बांटीं। कई मामलों में कुंवारी युवती के गर्भधारण करने से विचलित होकर आत्महत्या कर लेने जैसे हालातों में भी उनकी काउंसलिंग की और अपने घर में शरण देकर उन्हें और बच्चे को नया जीवन दिया। वे हमेशा गर्भपात के खिलाफ रहीं और सैकड़ों परिवारों को आबाद कराया। यह दुखद रहा कि बेटी के विवाह के पहले अचानक उनका परिवार बेसहारा हो गया।
बाइकर्स की टक्कर से घायल उमा देवी ने दम तोड़ा
तेज रफ्तार नाबालिग बाइक सवार महिला को टक्कर मारकर फरार हो गया। घायल की बेटी पुलिस के सामने न्याय की गुहार लगाती रही। मंगलवार को अस्पताल में भर्ती उसकी मां उमा की मौत हो गई। कमेटी लाइन मल्लीताल नैनीताल निवासी उमा देवी (73) पत्नी स्व. मनीदत्त नगर पालिका नैनीताल से सेवानिवृत्त थीं। पति की मौत के बाद उन पर एक बेटी और एक बेटे की परवरिश की जिम्मेदारी थी। 12 अक्तूबर को उन्हें पंप हाउस के पास एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। चालक टैक्सी बाइक पर सवार नाबालिग बताया जा रहा है।
बताया यह भी जा रहा है कि पुलिस ने चालान कर खानापूर्ति कर ली। इधर, सिर में गंभीर चोट के बाद उमा को हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इधर, बीते सोमवार को उमा की बेटी वैष्णवी आरोपी पर ठोस कार्रवाई की मांग लेकर एसपी सिटी हरबंस सिंह और एसपी क्राइम डॉ.जगदीश चंद्र के पास पहुंची। मंगलवार की सुबह उमा की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बाइकर्स के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग
बाइक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला की मौत की खबर सुन लोगों में लापरवाही और तेज गति से चलने वाले बाइकर्स के प्रति गुस्सा है। सभासद मोहन सिंह नेगी, अधिवक्ता खुर्शीद हुसैन आदि ने पुलिस से माल रोड समेत अन्य सड़कों पर तेज रफ्तार चलने वाले बाइक चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
चालान के बाद भी पुलिस का खौफ नहीं ...
नैनीताल में बेकाबू होकर भागने वाले बाइकर्स का पुलिस हर रोज चालान कर रही है लेकिन इसके बाद भी उन पर कोई अंकुश नहीं है। अब भी शाम होने के बाद कई बार चालक माल रोड पर गलत दिशा में बाइक दौड़ाते नजर आते हैं। इससे सड़क पर टहलने वालों में हादसे का डर बना रहता है।