Nainital: किसी ने नहीं दिया साथ...वीडियो बनाने में थे लोग, जिंदा जले दो युवक; चीखने की आवाज से गूंजा इलाका
कालाढूंगी में दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर के बाद दोनों में आग लग गई। हादसे में एक बाइक पर सवार दो लोगों की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक सवार दंपति और वहां से गुजर रहे दोपहिया वाहन सवार दो अन्य व्यक्ति झुलस गए।
विस्तार
कालाढूंगी हाईवे पर बाइकों की भिड़ंत के बाद आग लगी तो लोगों को कुछ समझ नहीं आया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चंद पलों में केटीएम बाइक सवार दोनों शख्स आग की लपटों में घिर गए। मदद के लिए उनके चीखने-चिल्लाने की आवाज से इलाका गूंज उठा। चीत्कार से लोगों की रूह कांप गई। किसी की भी उनके करीब तक जाने की हिम्मत नहीं हुई। हालांकि इस बीच कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। अंत में दोनों के जीवन की उम्मीद ने दम तोड़ दिया।
हादसे के दौरान ट्रैफिक भी थम गया और दुर्घटनास्थल के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। आग की लपटें जंगल की ओर बढ़ने लगीं। हादसे के दौरान ट्रैफिक भी थम गया और दुर्घटनास्थल के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। आग की लपटें जंगल की ओर बढ़ने लगीं।
तब कुछ लोगों ने पेड़ों की टहनियां तोड़कर जंगल की आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन इतनी विकराल आग पर सिर्फ टहनियों से काबू पाना संभव नहीं था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैफिक खुलवाकर फायर ब्रिगेड को भी घटना की सूचना दी। करीब दो घंटे बाद पहुंची दमकल की टीम ने पानी की बौछार कर जंगल की आग पर काबू पाया।
तहसीलदार कालाढूंगी डॉ. ललित मोहन तिवारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। देर रात दोनों लोगों के शव मोर्चरी भेज दिए गए।
मृतकों को देख पाना भी मुश्किल
दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मृतक दो व्यक्तियों को देखने की भी कोई हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। आग से वह बुरी तरह जल चुके थे। बाइकें जलकर ऐसी हो गई थीं कि उनकी नंबर प्लेट का भी पता नहीं लग पा रहा था।
एक बाइक के ट्रैक्टर ट्राली से टकराने पर हुआ हादसा
दुर्घटना के बाद जो बातें सामने आ रही हैं उसके मुताबिक एक बाइक पहले ट्रैक्टर ट्राॅली से टकराई। टकराने के बाद नीचे गिरी तो दूसरी दिशा से आ रही बाइक सड़क पर गिरी बाइक से टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों में आग लग गई। आशंका है कि पेट्रोल की टंकी फटने के बाद पेट्रोल की आग शरीर से लिपटी तो दोनों व्यक्ति कुछ करने की स्थिति में भी नहीं थे। आग की लपटों ने उन्हें इस तरह अपनी चपेट में ले लिया था जैसे किसी ने उनके ऊपर ही पेट्रोल उड़ेल दिया हो।
मां को मुरादाबाद भर्ती करा पत्नी के साथ लौट रहे थे नूर
बीमार मां को मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती करा लौट रहे शहर के गौजाजाली निवासी दंपती को देर रात दस बजे एसटीएच के इमरजेंसी में दाखिल कराया गया। कालाढूंगी हादसे में में नूर गंभीर रूप से जले हैंं जबकि पत्नी सैयदा को सिर व पैर में ज्यादा चोट आई है।
गौजाजाली निवासी नूर अहमद पेशे से फर्नीचर कारोबारी हैं। वह पत्नी सैयदा के साथ अपनी मां रईसा को मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराने गए थे। मां के दिमाग की नस फटने के बाद उन्हें यहां से रेफर किया गया था। सुशीला तिवारी अस्पताल में नूर अहमद का इलाज कराने के लिए पहुंचे उत्तर उजाला निवासी सूफी मोहम्मद उमर ने बताया कि पिछले दिनों नूर की मां की तबीयत खराब हुई। उन्हें एडमिट कराकर वह अपनी पत्नी के साथ वापस आ रहे थे तभी हादसा हुआ। इधर अस्पताल में नूर की बेटी अनम का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही हैं। अस्पताल में काफी संख्या में लोग उनका हाल जानने आए थे। नूर कंधे से पैर तक बुरी तरह जले हैं। जबकि सैयदा के पैर और सिर में गंभीर चोट है। दोनों बाइक से मुरादाबाद से बाजपुर, कालाढूंगी के रास्ते हल्द्वानी आ रहे थे।