नैनीताल में उमड़े पर्यटक: मॉल रोड और तल्लीताल-मल्लीताल में वाहनों की लंबी कतारें, कारोबारियों के खिले चेहरे
सप्ताहांत के चलते नैनीताल में पर्यटकों का तांता लग गया। शनिवार सुबह से ही सैलानियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे होटल-रेस्टोरेंट से लेकर नौकायन, टैक्सी और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े कारोबारियों के चेहरे खिल उठे।
विस्तार
सप्ताहांत पर नैनीताल में पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी। शनिवार सुबह से ही सैलानियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। इससे होटल और रेस्टोरेंट से लेकर नौकायन, टैक्सी और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े कारोबारियों के चेहरे खिले रहे।
पर्यटकों की बढ़ती आमद का असर शहर की सड़कों और पार्किंग स्थलों पर भी देखने को मिला। सुबह से ही तल्लीताल, मल्लीताल और मॉल रोड क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ने लगा। दोपहर होते-होते सड़कों के किनारे वाहनों की कतारें लगने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए।
शाम के समय मॉल रोड पर भी वाहनों की लंबी कतार लगी रही, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आवाजाही में परेशानी हुई। दूसरी ओर, पर्यटकों की भीड़ ने पर्यटन कारोबार को अच्छी गति दी। नैनीझील में दिनभर नौकायन के लिए पर्यटकों की आवाजाही बनी रही। नाव संचालकों ने पर्यटकों को नौकायन कराया। इधर, पुलिसकर्मी दिनभर प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात नियंत्रित करते नजर आए।
एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि यातायात व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए शहर में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सड़कों के किनारे खड़े वाहनों को हटाया जा रहा है। पार्किंग स्थल फुल होने पर बिना होटल बुकिंग के पहुंचने वाले पर्यटकों के वाहनों को अस्थायी पार्किंग स्थलों पर रोका जा रहा है जहां से शटल सेवा के माध्यम से शहर में भेजा जा रहा है।
भीमताल से कैंची धाम तक जाम में फंसे रहे यात्री
सप्ताहांत के चलते शनिवार को भीमताल से कैंची धाम तक जाम लग गया जिससे यात्रियों और सैलानियों को परेशान होना पड़ा। शनिवार सुबह छह बजे से कैंची धाम में मंदिर के बाहर से श्रद्धालुओं की एक किमी लंबी लाइन लगी रही। भीड़ के चलते सड़क पर जाम लगने से अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रानीखेत, धारचूला, बागेश्वर और हल्द्वानी की ओर आने और जाने वाले यात्रियों को दिक्कतें हुईं। पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं को भीमताल और भवाली से शटल सेवा से कैंची धाम भेजा गया। साथ ही खैरना में पुलिस ने अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से आने वाले भारी वाहनों को रोके रखा। वहीं मार्ग डायवर्ट होने के चलते स्थानीय व्यापारियों और होटल कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
