Haldwani: आईटीआई में तीन हजार सीटें खाली...प्रवेश प्रक्रिया पूरी, दाखिले के लिए 26 जुलाई तक होगी काउंसिलिंग
हल्द्वानी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। तीन हजार सीटें अब भी खाली हैं। ऑनलाइन भरे गए आवेदन पत्रों की 26 जुलाई तक काउंसिलिंग की जाएगी।
विस्तार
हल्द्वानी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। तीन हजार सीटें अब भी खाली हैं। ऑनलाइन भरे गए आवेदन पत्रों की 26 जुलाई तक काउंसिलिंग की जाएगी। इसके बाद शेष सीटों के लिए दोबारा आवेदन करने का मौका मिलेगा।
प्रदेश में वर्तमान में सौ से अधिक संस्थान संचालित हैं। इनमें विभिन्न ट्रेडों में लगभग नौ हजार सीटें निर्धारित हैं। विगत कुछ वर्षों से आईटीआई करने वाले युवाओं की संख्या तेजी से घटी है। सेवायोजन एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से इस बार प्रवेश संख्या बढ़ाने के लिए प्रचार-प्रसार भी किया गया। फिलहाल इसका असर नजर नहीं आया है।
विभाग के अनुसार विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश के लिए 27 जून से 20 जुलाई तक चली प्रवेश प्रक्रिया में पूरे प्रदेश से लगभग छह हजार अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र जमा हुए हैं। तीन हजार सीटें अब भी खाली हैं। शेष सीटों पर दोबारा आवेदन लिए जाएंगे। काउंसिलिंग के बाद दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया में युवा भाग ले सकते हैं।
आईटीआई में प्रवेश की पहले चरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। लगभग छह हजार ऑनलाइन आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। शेष सीटों के लिए काउंसिलिंग के बाद दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। - संजय खेतवाल, निदेशक प्रशिक्षण एवं सेवायोजन।