हल्द्वानी कोतवाली में महिला दरोगा को जड़ा थप्पड़: एसओजी कर्मी पर आरोप, पुलिस महकमे में बढ़ी कानाफूसी
हल्द्वानी कोतवाली में एसओजी कर्मी ने महिला दरोगा को थप्पड़ जड़ दिया। महिला हेल्प डेस्क के पास दोनों के बीच बहस के बाद यह घटना हुई। पुलिस महकमे में चर्चा तेज है।
विस्तार
हल्द्वानी शहर में पुलिस महकमा एक बार फिर चर्चा में है। विभागीय कानाफूसी तब और बढ़ गई जब एक महिला दरोगा को कोतवाली के अंदर ही थप्पड़ जड़ने की बात बाहर आई। सूत्रों के अनुसार, बात करीब तीन दिन पुरानी है। कोतवाली के अंदर महिला हेल्प डेस्क के पास एसओजी में तैनात कर्मी और हल्द्वानी सर्किल में तैनात एक महिला दरोगा के बीच बहसबाजी हो गई। पहले कहासुनी होती रही और बात जब और बढ़ी तब एसओजी कर्मी ने महिला दरोगा को थप्पड़ जड़ दिया।
शुरुआती तौर पर तो स्थानीय पुलिस ने मामले को वहीं दबा दिया लेकिन महिला दरोगा उच्चाधिकारियों के सामने पेश हो गईं। बताया जा रहा है कि इसके बाद एसओजी कर्मी को दूसरे सर्किल में भेज दिया गया है। फिलहाल इस मामले में अधिकारी कुछ भी बताने बचते नजर आ रहे हैं।