Nainital Bus Accident: घटगढ़ में दर्दनाक बस हादसे का जिम्मेदार कौन ? लापरवाही ने ली 7 की जान
नैनीताल कालाढूंगी रोड पर घटगढ़ के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घटगढ़ के पास पर्यटकों की एक बस खाई में गिर गई। हादसे में एक बच्चे और पांच महिलाओं समेत सात की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए। इस बस हादसे का जिम्मेदार कौन ?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नैनीताल-कालाढूंगी रोड पर हुए हादसे की बड़ी वजह चालक का जाम से बचने के लिए नैनीताल-बरेली रोड के बजाय इस शॉर्टकर्ट रोड से आना भी माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का तो यहां तक कहना है कि हादसे के लिए प्रशासन भी कम जिम्मेदार नहीं है, जो खस्ताहाल मार्ग पर देर शाम चलने वाले वाहनों पर लगाम नहीं लगा पा रहा है।
देर शाम चीख-पुकार सुनकर सबसे पहले मौके पर स्थानीय निवासी पहुंचे और बगैर किसी का इंतजार किए रेस्क्यू करने की कोशिश शुरू की। इसी दौरान एक पत्थर गिरने से स्थानीय निवासी इंदर घायल भी हो गए। स्थानीय निवासियों ने बताया कि 112 नंबर पर सूचना देने पर सबसे पहले नैनीताल से फायर बिग्रेड की गाड़ी आई, इसके बाद रामनगर और हल्द्वानी से फायर बिग्रेड और जवान पहुंचे।
सूचना मिलने के साथ ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के जवानों के साथ पुलिस ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते हैं इसके बाद भी प्रशासन की ओर से इस मार्ग की मरम्मत के प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि सबसे बड़ी समस्या मैदानी क्षेत्रों से आने वाले चालकों के पास पहाड़ में वाहन चलाने का अनुभव नहीं होना है। अक्सर ये लोग सामने से वाहन आने पर गाड़ी खाई की ओर ले जाने के बजाय उलटी साइड पहाड़ की ओर मोड देते हैं। इनकी वजह से भी कई बार हादसे होते हैं।
क्या है पूरा मामला ?
नैनीताल-कालाढूंगी रोड पर घटगढ़ के पास पर्यटकों की एक बस खाई में गिर गई। हादसे में एक बच्चे और पांच महिलाओं समेत सात की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए। यात्रियों के अनुसार, बस में 31 लोग सवार थे जबकि अंग्रेजी के शिक्षक अनिल कुमार समेत चार लोग अन्य वाहन में थे। रात साढ़े दस बजे तक सुशीला तिवारी अस्पताल में 24 घायल पहुंच गए थे। इनके इलाज में टीम जुटी हुई थी। अनिल ने बताया कि वे दो दिन पहले घूमने आए थे। लौटते समय यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, हिसार (हरियाणा) से सात अक्तूबर को शैक्षणिक भ्रमण के लिए शिक्षकों का दल नैनीताल पहुंचा था और वहां यूथ हॉस्टल में रुका था। यह दल न्यू मानव इंटरनेशनल स्कूल आर्यनगर, हिसार की बस और एक छोटे वाहन में सवार होकर पहुंचा था। बस शुक्रवार की शाम 7.30 बजे हिसार से चली थी और शनिवार को दिन में दो बजे नैनीताल पहुंच गई। रविवार को यह दल शाम 5.30 बजे नैनीताल से हिसार के लिए लौट रहा था। शाम को सवा छह बजे जिम कॉर्बेट म्यूजियम तिराहा से करीब 13 किमी पहले नलनी घटगढ़ के पास बस तीव्र मोड़ पर बस करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
मृतकों के नाम-
पुष्पा, मनमीत, रामेश्वर, संगीता, ज्योति, पूनम, रविन्द्र
ये हुए हैं घायल
घायल हिसार के नौलीकला और आर्य नगर के रहने वाले हैं। वे सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें सोनाली(26), पूजा(26), मोनिका(31), मुस्कान(21), कमलप्रीत कौर(13), इशिता(5), विनिता(28), सोनिया(26), अमरजीत(31), रोमिला(59), रोगन सिंह(34), प्रियंका(32), सुनिता(34), अभिषेक(23), शिवेंद्र कौर(40), कपिल (36), अंकित(14), उर्मिला (35), करीना(23), सुमन(42), अंजलि(41), बिंटू(25), विनोद कुमार(14) और मीनू(5) शामिल हैं।
हादसे वाली जगह पर मार्ग से दो बड़े वाहन एक साथ नहीं निकल सकते हैं। हालांकि कोई गाड़ी ओवर टेक नहीं कर रही थी ऐसे में माना जा रहा है कि चालक को पहाड़ पर वाहन चलाने का ज्यादा अनुभव नहीं था। लोगों ने मांग की मैदानी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों चालकों का लाइसेंस जरूर चेक किया जाए। हिल लाइसेंस होने पर ही उन्हें पहाड़ पर जाने दिया जाए। अन्यथा स्थानीय चालक को हायर करने पर ही आगे जाने दिया जाए।