{"_id":"6a83d2e41269d46ffb0bacff","slug":"rain-wreaks-havoc-in-champawat-uttarakhand-2026-08-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"UK News: नैनीताल में कोहरा...चंपावत और काशीपुर में हालात बेहाल, भीषण बारिश ने बिगाड़ी स्कूली बच्चों की सुबह","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UK News: नैनीताल में कोहरा...चंपावत और काशीपुर में हालात बेहाल, भीषण बारिश ने बिगाड़ी स्कूली बच्चों की सुबह
Tue, 18 Aug 2026 09:05 AM IST
Heera
अमर उजाला नेटवर्क, नैनीताल
अमर उजाला नेटवर्क, नैनीताल
Published by: Heera
Updated Tue, 18 Aug 2026 09:05 AM IST
सार
उत्तराखंड में नैनीताल, रुद्रपुर और चंपावत में लगातार बारिश जारी है। नैनीताल में देर रात से बारिश के बीच सुबह से कोहरा छाया है, जबकि रुद्रपुर में भी बारिश हो रही है। चंपावत में साढ़े 5 घंटे से तेज बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
विज्ञापन
नैनीताल में बारिश
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नैनीताल में देर रात से हो रही बारिश के बीच आज सुबह से कोहरा छाया हुआ है। रुद्रपुर में भी बारिश का दौर जारी है। चंपावत में रात करीब 1:30 बजे से तेज बारिश का दौर जारी है। करीब साढ़े 5 घंटे से जारी तेज बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त है। बारिश के चलते एनएच पर कई जगह मलबा और बोल्डर गिरे हैं। आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार अभी तक किसी भी सड़क के बंद होने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि कल बारिश के कारण टनकपुर-जौलजीबी सड़क बंद हो गई थी, जिसे देर शाम तक खोलने का काम जारी था।
विज्ञापन
नैनीताल में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, अगले कई दिन भी राहत के आसार कम
सरोवर नगरी नैनीताल में पिछले कई दिनों से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। लगातार हो रही बारिश और आसमान में छाए बादलों के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश के चलते शहर की सड़कों पर आवाजाही प्रभावित होने के साथ ही पर्यटन गतिविधियों पर भी असर देखने को मिल रहा है।
विज्ञापन
मौसम के ताजा आंकड़ों के अनुसार मंगलवार 18 अगस्त को नैनीताल में तापमान करीब 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को सामान्यतः बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
विज्ञापन
मौसम विभाग के अनुसार बारिश का सिलसिला फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। 19 से 21 अगस्त तक भी नैनीताल में बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। 22 अगस्त को भी बारिश के साथ आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के कारण शहर और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क पर मलबा आने और जलभराव का खतरा बना हुआ है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम के कारण नैनीताल आने वाले पर्यटकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से बारिश का दौर जारी रहने से रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी बढ़ी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगस्त में नैनीताल में मानसूनी गतिविधियां सामान्य रूप से सक्रिय रहती हैं और इस दौरान मध्यम से भारी बारिश के दौर आते हैं। फिलहाल शहर में बारिश से राहत की उम्मीद कम है और अगले कुछ दिनों तक मौसम के इसी तरह बने रहने के आसार हैं। ऐसे में प्रशासन और संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों और मार्गों पर निगरानी बनाए रखने की जरूरत है।
बारिश से काशीपुर में जलभराव, स्कूली बच्चों को हुई परेशानी
काशीपुर में रात से लगातार हो रही बारिश के चलते शहर के कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। मंगलवार सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित हो गई। सड़कों पर पानी जमा होने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी दिक्कतें उठानी पड़ीं। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों के साथ अभिभावकों को भी उन्हें सुरक्षित स्कूल पहुंचाने में परेशानी हुई।
काशीपुर में हुई 170 एमएम बारिश, जलभराव की समस्या
काशीपुर। सोमवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। रिकॉर्ड 170 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, इससे नगर निगम और प्रशासन के जल निकासी के तमाम दावों की पोल खोलकर रख दी। बारिश से शहर की प्रमुख सड़कें, चौराहे और निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। सुबह होते-होते स्थिति यह हो गई कि सड़कों पर कई फीट तक पानी जमा हो गया। बारिश के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और अभिभावकों को झेलनी पड़ी। सुबह स्कूल के लिए निकले बच्चे और वाहन चालक जलभराव के बीच से किसी तरह रास्ता पार करते नजर आए। बारिश से मुख्य चौराहा, गेबिया नाला, गौतम नगर नाला, रामनगर रोड नाला, मुख्य बाजार, कटोराताल, पटेल नगर, मुरादाबाद रोड, रेलवे स्टेशन रोड, आर्यनगर, चैती फार्म, महाराणा प्रताप चौक समेत अधिकांश सभी मोहल्लों व कॉलोनियों की सड़क पानी से लबालब हो गई।