हल्द्वानी/रामनगर/नैनीताल। जिले के तमाम इलाकों में पेयजल किल्लत से लोग परेशान हैं। शुक्रवार को हल्द्वानी पानी की किल्लत से परेशान तल्ली हल्द्वानी के लोगों ने शुक्रवार को हल्द्वानी और रामनगर में लोगों ने जलसंस्थान के ईई का घेराव किया।
पार्षद मनोज जोशी के नेतृत्व में तल्ली हल्द्वानी के लोगों ने जल संस्थान कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अभियंता का घेराव किया। स्थानीय निवासी सोनी पलड़िया ने कहा कि विभाग हर महीने पानी का बिल जरूर लेता है मगर लोगों को पानी मुहैया नहीं करा पाता। इस दौरान घेराव करने वालों में जयश्री पलड़िया, ऋतु बख्शी, बसंती पांडे, मुन्नी, जानकी, पुष्कर, दीपक शर्मा आदि थे। वार्ड 59 के पार्षद रईस अहमद गुड्डू का कहना है कि पिछले तीन दिन से आम का बगीचा, स्वामी विहार और दुर्गा कलोनी में पेयजल संकट बना हुआ है। 300 से अधिक परिवार प्रभावित हैं। जल संस्थान के ईई ने शीघ्र व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया। रामनगर में ग्रामीणों ने प्रभारी ईई मनोज गंगवार का घेराव किया। सात दिन से पानी की बूंद नहीं आ रही है। समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। इस मौके पर गजेंद्र सिंह, उमाकांत मिश्र, प्रताप सिंह, सोनू महरा, सुभाष सिंह, धर्मपाल सिंह, भारती, हेम लता, गीता उपाध्याय, उषा, अर्चना आदि लोग थे। नैनीताल के तल्लीताल में दो सप्ताह से पेयजल संकट है। ईई दिलीप बिष्ट ने बताया कि लाइन में फॉल्ट ढूंढकर जल्द ही पेयजल आपूर्ति की जाएगी। संवाद