ज्योलीकोट (नैनीताल)। ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग में सोमवार की देररात 9 बजे वीरभट्टी के पास निर्माणाधीन डबल लेन पुल के पास पहाड़ी के खिसकने से दस घंटे तक यातायात ठप रहा। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मंगलवार की सुबह सात बजे मार्ग से मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया गया।
बता दें कि वीरभट्टी में एनएच की ओर से डबल लेन स्टील गार्डर पुल का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही वैकल्पिक तौर पर वेली ब्रिज से आवागमन किया जा रहा है और भीमताल मार्ग के बड़े वाहनों की आवाजाही भी इसी मार्ग से हो रही है। विभाग की ओर से मार्ग को चौड़ा करने के लिए बलिया नाले की पहाड़ी को पिछले 1 सप्ताह से काटा जा रहा है, जिसके चलते सोमवार रात करीब 9 बजे पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। इससे दोनों ओर यातायात ठप हो गया, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार सुबह 7 बजे हाईवे के अधिकारियों ने किसी तरह से मलबे को हटवाकर यातायात सुचारु कराया, जिस पर लोगों ने राहत की सांस ली।