नशे में दौड़ाई बस, 40 यात्रियों की जान डाली खतरे में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोडवेज के एक ड्राइवर ने नशे में वाहन चलाते हुए करीब 40 यात्रियों की जान खतरे में डाल दी। घबराए यात्रियों ने टीपी नगर पुलिस चौकी पर जबरन बस रुकवाकर शिकायत करने के साथ हंगामा काटा। बाद में पुलिस ने ड्राइवर का मेडिकल कराया, तो उसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। इस पर पुलिस ने पुलिस एक्ट-81 के तहत चालान भी किया। इधर, रोडवेज के अफसर तो कई कदम आगे निकले। उन्होंने घटना की जानकारी होने की बात तो कही, लेकिन शराब पीने की पुष्टि होने की बात से इंकार कर दिया। पुलिस ने बस को भी कब्जे में लिया था, बाद में दूसरा चालक आने पर बस को रवाना किया गया।
हल्द्वानी से आनंद विहार (दिल्ली) जा रही काठगोदाम डिपो की बस (यूके07/पीए-1081) जैसे ही टीपीनगर पुलिस चौकी के पास पहुंची तो यात्री जबरन बस रुकवाकर पुलिस चौकी पहुंच गए। यात्रियों का आरोप था कि ड्राइवर नशे में है, वह रास्ते में दूसरे वाहन को ठोकता हुआ आ रहा है, इस लिहाज से आगे यात्रा करना खतरनाक है। यात्री विकास भट्ट और धीरज सनवाल का कहना था ड्राइवर नशे में था। उसके संचालन को लेकर संदेह हुआ तो पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। मामला रोडवेज बस अड्डे पहुंचा तो आनन-फानन में दूसरे ड्राइवर को भेजकर बस को रवाना किया गया। बाद में रोडवेज के अफसर मामले की जानकारी होने पर शराब पीने की पुष्टि नहीं होने की बात कहते हुए दूसरा तर्क देते रहे।
उनके अनुसार ड्राइवर नाइट शिफ्ट से आया था, इसलिए थका हुआ था। जिससे नशे में होने का आभास होता है। एआरएम काठगोदाम पवन मेहरा कहना था कि शिकायत मिली थी, लेकिन शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है। जबकि टीपीनगर पुलिस चौकी इंचार्ज सुशील जोशी ने बताया कि ड्राइवर संजय दास का मेडिकल कराया गया, इसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है। बाद में रोडवेज अफसरों को बुलाया गया, जिन्होंने पुलिस एक्ट के तहत किए गए 500 रुपए का चालान भुगता। इसके बाद ड्राइवर को परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
कार को ठोका था
यात्रियों का कहना था कि ड्राइवर ने टीपीनगर पहुंचने तक रास्ते में एक कार को ठोक दिया था, जिसके बाद कार मालिक ने कंडक्टर के साथ अभद्रता भी की थी।
जांच को लेकर सवाल
रविवार को यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना थी। ऐसे में व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को तैनात किया गया था। अब अधिकारियों ने क्या जांच की, खुद ही समझा जा सकता है। इससे पहले भी रोडवेज की एक इंटरसिटी बस के दोनों पहिए निकल गए थे।