Nainital News: घायल महिला को डोली के सहारे लाए, सड़क के बदहाल होने से ग्रामीण परेशान
बेतालघाट ब्लॉक की ग्राम पंचायत सीम गांव में एक महिला फिसलने से घायल हुई, ग्रामीण महिला को करीब आधा किमी दूर तक डोली के सहारे लाए, जिसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया।
विस्तार
गरमपानी बेतालघाट ब्लॉक की ग्राम पंचायत सीम गांव के तोक ढोन में सड़क के बदहाल होने के कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक समस्या मरीज को अस्पताल पहुंचाने में आ रही है। ऐसा ही मामला सोमवार को सामने आया, जब फिसलने से घायल हुई महिला को ग्रामीण करीब आधा किमी दूर तक डोली के सहारे लाए, जिसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम को सीम मोड़ से गैस सिलिंडर लाते समय नंदी देवी (50) पत्नी किशन सिंह रास्ते में फिसलकर घायल हो गईं। सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद घायल महिला को करीब आधा किलोमीटर तक डोली में बैठाकर सीम गांव की सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से महिला को वाहन के जरिये सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि सीम गांव के तोक ढोन में वर्ष 2017 में गांव को जोड़ने के लिए एक किमी सड़क का निर्माण मनरेगा और ग्रामीणों के सहयोग से किया गया था। वर्तमान में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से यहां वाहनों की आवाजाही नहीं होती है। साथ ही किसानों को अपनी फसलों को मंडी तक पहुंचाने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र के ग्रामीण खीम सिंह बिष्ट, प्रकाश सिंह, नरेंद्र सिंह, आन सिंह, भगवत सिंह आदि ने विधायक और सांसद से गांव की बदहाल सड़क की दशा सुधारने की मांग की है।