यातायात नियमों का उल्लंघन: चालकों की अनदेखी पर बेअसर कार्रवाई, हर दिन 100 से अधिक लोग तोड़ रहे नियम
नैनीताल जिले में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई के बावजूद मनमानी जारी है। पिछले सात दिनों में 700 से अधिक चालकों पर कार्रवाई की गई, लेकिन नियम तोड़ने वालों की संख्या में कमी नहीं आ रही है।
विस्तार
सड़क पर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई का भी असर नहीं दिख रहा है। नैनीताल जिले में हर दिन 100 से अधिक चालक यातायात नियमों को तोड़ रहे हैं। पिछले सात दिनों में ही 700 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें करीब 500 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि 30 से अधिक वाहन सीज किए गए। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी का सिलसिला थम नहीं रहा है।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। सात दिन के भीतर कार्रवाई के दौरान एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना भी वसूला गया है। चालान काटने से लेकर वाहन सीज करने तक की कार्रवाई हुई, लेकिन चालकों की मनमानी पर लगाम नहीं लग पा रही है।
निर्देश जारी
- दोपहिया वाहनों पर चालक और पीछे बैठने वाले दोनों लोग हेलमेट लगाएं
- सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य
- निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं
- शराब पीकर, मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए वाहन न चलाएं
- नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें
इतने चालान कटे
नियम- चालान
बिना हेलमेट 186
बिना सीट बेल्ट 112
ओवरस्पीडिंग 47
बिना डीएल 63
बिना दस्तावेज 92
सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन जरूर करें। लगातार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन होता हुआ मिलता है तो चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दो बार से अधिक बार लगातार कोई चालक नियमों को तोड़ता है तो कार्रवाई को सख्त किया जाएगा। डॉ. मंजुनाथ टीसी, एसएसपी नैनीताल
