गरमपानी (नैनीताल)। कोश्याकुटोली एसडीएम ऋचा सिंह और तहसीलदार नितेश डांगर ने शुक्रवार की शाम गरमपानी, खैरना के व्यापारियों, अस्पताल प्रबंधन और चौकी पुलिस के साथ बैठक की। एसडीएम ऋचा सिंह ने अनलॉक के दौरान क्षेत्रीय लोगों से अधिक सावधानी बरतने को कहा। क्षेत्र के सभी होटल संचालकों को बताया कि यदि कोई भी व्यक्ति बाहरी राज्य से उनके होटल में आता है तो उसे कम से कम 7 दिनों के लिए कमरे दें। साथ ही एक या दो दिन के लिए कमरा बाहरी लोगों को न दिया जाए। होटल और ढाबों में कार्य करने वाले लोग मास्क, सैनिटाइजर और बालों पर कवर कैप पहनें। उन्होंने सभी मकान मालिकों को निर्देश दिए कि अगर कोई भी बाहरी राज्यों से उनके किराये के मकान में आता है तो सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें। एसडीएम ने कहा कि अगर मकान मालिक की ओर से सूचना नहीं दी जाती है तो मकान मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकानदारों से अपनी दुकान में आने जाने वालों का रिकॉर्ड रजिस्टर में मेंटेंन करने को कहा। इस दौरान सीएचसी गरमपानी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश पंत, कानूनगो भुवन भंडारी, चौकी प्रभारी आशा बिष्ट, व्यापारी हितेश साह, भास्कर तिवारी, भरत जलाल, प्रहलाद खत्री, नीरज जलाल आदि रहे।