फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Flood And Rain in Pithauragarh

पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त नदी नाले ऊफनाए

Haldwani Bureau हल्द्वानी ब्यूरो
Updated Tue, 28 Jun 2022 11:40 PM IST
विज्ञापन
Flood And Rain in Pithauragarh
भारी बारिश के कारण बंगापानी सड़क में बोल्डर और मलबा आने से फंसा ट्रक। संवाद न्यूज एजेंसी - फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। विभिन्न हिस्सों में हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। तवाघाट-टनकपुर, तवाघाट-सोबला, मुनस्यारी-जौलजीबी, थल- मुनस्यारी आदि सड़कों के बंद होने से यात्री फंसे रहे। धारचूला-लिपुलेख सड़क के बंद होने से पंचाचूली, आदि कैलाश और ओम पर्वत जाने वाले कई पर्यटक फंसे रहे। नदी, नाले, गाड़, गधेरे उफान पर आने से नदियों के किनारे रह रहे लोग सहमे हुए हैं। बारिश के कारण मुनस्यारी सहित कई हिस्सों में बिजली के गुल होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खुमती में भूस्खलन से कई घर खतरे की जद में आ गए हैं। कनार में बिजली गिरने से एक मकान की दीवार ध्वस्त हो गई।
विज्ञापन

धारचूला क्षेत्र में सोमवार शाम 7:30 बजे से मंगलवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण टनकपुर तवाघाट एनएच चेतलधार तवाघाट, सोबला तवाघाट सड़क के खेत नामक जगह पर मलबा, बोल्डर आने से चार घंटे तक बंद रही। बीआरओ ने जेसीबी मशीन लगाकर सड़क खोली। सड़क खुलने के बाद पंचाचूली, आदि कैलाश, ओम पर्वत जाने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। ग्राम प्रधान खुमती गोपाल सिंह ने बताया कि 20 से 25 जगहों पर मलबा, बोल्डर आने से कालिका खुमती की 20 किमी लंबी सड़क बंद हो गई है। इससे ग्रामीणों को 15 किमी पैदल चलकर गांव पहुंचना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि लोनिवि की पांच किमी लंबी सड़क में मलबा आने से सड़क खोलने में दिक्कतें हो रहीं हैं। पीएमजीएसवाई की 15 किमी सड़क में कई जगहों पर सुरक्षा दीवार और सड़क ध्वस्त हो गई हैं। सड़क दो तीन सप्ताह से पहले खुलने की संभावना नही हैं। सड़क बंद होने की सूचना एसडीएम धारचूला को दे दी गई है।
विज्ञापन

पीएमजीएसवाई के प्रभारी ईई किशन सिंह ऐरी ने बताया कि 15 किमी की सड़क पर कई जगहों पर दीवार टूटने और सड़क ध्वस्त होने की सूचना मिली है। शीघ्र ही जेई को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन किया जाएगा। खुमती में लक्ष्मण सिंह के आंगन की दीवार गिर गई है। इससे उनका मकान खतरे की जद में आ गया है। जिप्ती दुमलिया पैदल रास्ता और बलुवाकोट के गेरा गांव को जोड़ने वाली पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

बंगापानी तहसील के ग्राम पंचायत कनार में बिजली गिरने से बहादुर सिंह पुत्र दीवान सिंह के मकान की दीवार ध्वस्त हो गई। दीवार ध्वस्त होने से पूरे मकान को खतरा पैदा हो गया है। अंदर रखा सामान भी खराब हो गया है। जिला पंचायत सदस्य गंगोत्री दताल ने प्रशासन से पीड़ित को मुआवजा देने की मांग की है।
मुनस्यारी-जौलजीबी और थल मुनस्यारी सड़क बंद होने से बढ़ी दिक्कतें
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी-जौलजीबी सड़क सेरा और थल मुनस्यारी सड़क कालामुनि, डोर नर्सरी, रातिगाड़ में मलबा आने से बंद हो गई। दोनों सड़कें सुबह 10 बजे खुल पाई। इसके बाद यातायात सुचारु हो पाया। गिन्नी बैंड समकोट सड़क भी कई जगह बंद हो गई है। मुनस्यारी क्षेत्र में रातभर बिजली गुल रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़। किसी तरह 9:30 बजे विद्युत आपूर्ति सुचारु हो सकी।
आठ घंटे हुई भारी बारिश से रामगंगा और भुजगड़ नदी उफान पर
नाचनी (पिथौरागढ़)। राम गंगा, भुजगड़, जाकुला, महरगाड़ी नदियां उफान पर आ गईं। हरड़िया नाले के भारी मलबे ने रामगंगा का प्रवाह धीमा कर दिया है। हरड़िया से लगे नया बस्ती में साढ़े पांच करोड़ की लागत से भूस्खलन रोकने का जियोमेट्रिकल साइल कंट्रोल सिस्टम भी फेल हो गया है। थल मुनस्यारी सड़क हरड़िया के नया बस्ती, रातिगाड़ में रात 12 बजे से मंगलवार दस बजे तक 10 घंटे बंद रहीं। ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली बांसबगड़, कोटा, धामीगांव, राया बजेता, खतेड़ा, भैंसकोट, होकरा, समकोट, रसियाबगड़ आमधार, नाचनी गांव सड़कें बंद हैं। लोनिवि और पीएमजीएसवाई ने बंद सड़कों को खोलने के लिए मशीन भेज दी हैं।

नेपाल की ओर हुए भूस्खलन के बाद काली नदी का बहाव भारत की ओर बढ़ा
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। सीमा से लगे नेपाल के जूलाघाट कस्बे के पास सोमवार को भूस्खलन से पहाड़ी काली नदी में गिर गई। हादसे में पास के गांव से आ रहे दो लोग बालबाल बच गए। दार्चूला जिले को बैतड़ी से जोड़ने वाला पैदल मार्ग पहाड़ी गिरने से बंद हो गया है। इस रास्ते पर सेरा नगतड़ी सहित दर्जनों गांवों के लोग रोज आवागमन करते हैं। मलबा गिरने से पिछले साल भी भारत के लोग रात को सो नहीं पा रहे थे। इस बार कल से फिर मलबा काली नदी गिरने से भारत की ओर बहाव बढ़ गया है।
पिथौरागढ़ में नदियों का जलस्तर
नदी जलस्तर खतरे का निशान
काली नदी 889.20 890.00
गोरी नदी जौलजीबी 604.95 607.80
गोरी नदी मदकोट 1211.65 1215.10
सरयू नदी 447.10 45.300
पिथौरागढ़ जिले के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश का विवरण
स्थान बारिश
धारचूला 85.00
डीडीहाट 29.50
मुनस्यारी 9.20
बेड़ीनाग 8.00
पिथौरागढ़ 1.40
गंगोलीहाट 0.50
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed