{"_id":"59a9c3aa4f1c1be3278b4c4b","slug":"eid-ka-ronak-in-the-market","type":"story","status":"publish","title_hn":"खुले में न करें कुर्बानी ताकि किसी को न हो परेशानी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
खुले में न करें कुर्बानी ताकि किसी को न हो परेशानी
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, रामनगर।
Updated Sat, 02 Sep 2017 02:01 AM IST
विज्ञापन
बाजार में ईद की रौनक
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हल्द्वानी। कुर्बानी का त्योहार ईद-उल-अज्हा यानी बकरीद शनिवार को है। ईद की नमाज और कुर्बानी के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गईं। हल्द्वानी ईदगाह में सुबह नौ बजे ईद की नमाज होगी। कुर्बानी के लिए शुक्रवार को मस्जिदों से अपील की गई। साथ ही हिदायत दी गई कि कुर्बानी में पूरी तरह एहतियात बरतें, ताकि दूसरे धर्म, समुदाय के लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
विज्ञापन
तकरीर-ए-जुमा में शुक्रवार को शहर की सभी मस्जिदों में कुर्बानी की फजीलत बताई गई। जामा मस्जिद में पेश इमाम मुफ्ती शाहिद अजहरी ने बताया कि कुर्बानी हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम की सुन्नत है। उनकी पूरी जिंदगी आजमाइश में गुजरी। वह परवरदिगार के हर इम्तिहान में कामयाब हुए। अल्लाह का फरमान हुआ कि अपने बेटे की कुर्बानी पेश करें, वह फौरन तैयार हो जाते हैं। परवरदिगार ने बेटे की कुर्बानी तो नहीं ली, लेकिन उनकी इस सुन्नत को हमेशा के लिए जारी कर दिया। यही वजह है कि आज सात हजार साल बाद भी यह सिलसिला लगातार चल रहा है। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने भी कुर्बानी की। कुर्बानी के जानवर से बेटे की तरह मोहब्बत करनी चाहिए। मस्जिद बंजारान में नायब इमाम मौलाना मुस्तफा ने कहा कि कुर्बानी के बाद जानवर के अवशेष यूं ही न छोड़ दें। पूरी तरह सफाई कराई जाए, ताकि पड़ोसियों, राहगीरों को परेशानी न हो।
विज्ञापन
-------------
रजा वेल्फेयर सोसायटी ने कुर्बानी की जिम्मेदारी संभाली
उजाला नगर में कब्रिस्तान गेट पर रजा वेल्फेयर सोसायटी ने हिस्से वाली कुर्बानी का इंतजाम किया है, जो लोग हिस्सा लेना चाहिए हैं, कमेटी से राब्ता कायम कर सकते हैं। कमेटी के मो. सिराज खान, जावेद रजा ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए यह इंतजाम किया गया है। कुर्बानी का सिलसिला तीनों दिन जारी रहेगा।
विज्ञापन
-------------
कुर्बानी का तरीका
जिसके पास साढ़े सात तोला सोना या साढ़े 52 तोला चांदी या इसके बराबर पैसा, सामाने-तिजारत हो तो उस पर कुर्बानी वाजिब है। ईद-उल-अज्हा की नमाज के बाद कुर्बानी की जाती है। चांद की 10, 11, 12 तारीख को कुर्बानी की जा सकती है। कुर्बानी के लिए जानवरों की उम्र निर्धारित है। बकरा कम से कम एक साल का, भैंसा दो साल और ऊंट पांच साल का होना चाहिए। कुर्बानी के गोश्त के तीन हिस्से करने चाहिए। एक खुद के लिए, दूसरा रिश्तेदारों के लिए और तीसरा हिस्सा गरीबों को जरूर देना चाहिए।
---------------
पेयजल संकट गहराया
हल्द्वानी। मुस्लिम बहुल इलाकों में ईद के मौके के बावजूद पानी का संकट गहराया हुआ है। यहां कई क्षेत्रों में तीन दिन से पानी की सप्लाई ठप है। लोग दूरदराज से पानी भरकर ला रहे हैं। शुक्रवार को आजाद नगर, किदवई नगर, ताज चौराहा, मस्जिद बंजारान, लाइन नंबर आठ क्षेत्र में पानी की किल्लत रही।
---------------
फोटो == 48 हजार में बिका आजाद नगर का सुल्तान
शुक्रवार को सुबह से दोपहर तक बारिश की वजह से मवेशी बाजार में मंदी छाई रही। बारिश रुकने के बाद शाम को बाजार गुलजार हो गया। देर रात तक बकरों की खरीद-फरोख्त जारी रही। आजाद नगर का सुल्तान 48 हजार रुपये में बिका, जिसे मुरादाबाद के लोगों ने खरीदा। लाइन नंबर आठ निवासी बकरा व्यवसायी मो. वसीम ने बताया कि उन्होंने पिछले साल डेढ़ साल का बकरा खरीदा था। क्षेत्र के लोग उसे सुल्तान कहकर पुकारते थे। एक साल पालकर उसे 48 हजार रुपये में बेचा।
---------------
फोटो--- दो लाख में बिका दुम्बे का जोड़ा
लाइन नंबर 12 निवासी इरशाद हुसैन का दुम्बे का जोड़ा दो लाख रुपये में बिका। उन्होंने दो लाख रुपये कीमत रखी थी। यहां दाम न मिलने की वजह से वह बिलासपुर के बाजार ले गए थे। उनके तीसरे दुम्बे के पेट पर अल्लाह शब्द की आकृति उभरी है। मनमाफिक दाम न मिलने की वजह से उन्होंने उसे नहीं बेचा।
---------------
नमाज के दौरान डायवर्ट रहेगा रूट
हल्द्वानी। ईद की नमाज के दौरान ताज चौराहा, मंगलपड़ाव, मीरा मार्ग, नया बाजार, रेलवे बाजार में पुलिस बल तैनात रहेगा। इस दौरान इन क्षेत्रों में रूट डायवर्ट रहेगा। शनिवार सुबह बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि नमाज में खलल न पड़े।
------------------------
ईद की नमाज का वक्त
हल्द्वानी ईदगाह : सुबह 9:00 बजे
मस्जिद बंजारान : सुबह 8:30 बजे
रामनगर ईद ईदगाह : सुबह 8:30 बजे
खताड़ी मस्जिद : सुबह 8:00 बजे
नैनीताल फ्लैट्स मैदान मल्लीताल : सुबह 9:00 बजे
भवाली ईदगाह : सुबह 9:30 बजे
भीमताल मस्जिद : सुबह 9:30 बजे