द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत के विद्यापुर वार्ड में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान पानी, बिजली, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उठीं, वहीं बेनाप भूमि पर अवैध कब्जों को हटाने की मांग भी की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष मुकुल साह ने कहा कि विद्यापुर वार्ड में शीघ्र ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। एसडीएम आरके पांडे ने अधिकारियों को जन समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
नगर पंचायत अध्यक्ष मुकुल साह की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में पानी, बिजली, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं छाईं रहीं। बेनाप भूमि पर अवैध कब्जों को हटाने की मांग भी की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि विद्यापुर वार्ड में जल्द ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। बताया कि वार्ड में एक रैन बसेरा और जिम भी खोला जा रहा है। पथ प्रकाश के लिए सोलर लाइट भी लगाई जाएंगी । पेयजल लाइन को भूमिगत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास भी चिह्नित लोगों को शीघ्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बेनाप भूमि पर किसी भी हाल पर अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। जल्द ही राजस्व की टीम गांव में जाएगी और बेनाप भूमि को चिह्नित करेगी। इससे पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और उप जिलाधिकारी का वार्ड वासियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर नगर पंचायत सभासद प्रमोद आर्य, सभासद तारी राम आर्य, केसीडीएफ अध्यक्ष भूपेंद्र कांडपाल, कोऑपरेटिव अध्यक्ष संजू मठपाल, व्यापार संघ अध्यक्ष आशीष वर्मा, धीरेंद्र मठपाल, अमित पंत थे।