सड़क हादसे में युवक की मौत, युवती घायल
रामपुर रोड पर गंगू ढाबे के समीप रविवार शाम बुलेट मोटरसाइकिल की बस से टक्कर होने पर युवक की मौत हो गई और युवती घायल हो गए। पुलिस ने युवती को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार उधमसिंह नगर जिले के खानपुर गदरपुर का निवासी इस्तपाल सिंह पुत्र सतपाल सिंह रविवार की रात अपने करीबी अमरजीत सिंह की पुत्री संदीप कौर के साथ हल्द्वानी आया था। रविवार की शाम दोनों बुलेट मोटरसाइकिल (यूके 06एडी 0302) से घर लौट रहे थे।
गंगू ढाबे के समीप पहुंचने पर तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर सिड्कुल की बस से हुई। टक्कर तेज होने के कारण युवक और युवती दूर दूर गिर पड़े। हादसे की सूचना मिलने के बाद टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया।
अस्पताल में डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया है। चौकी प्रभारी सुशील जोशी ने बताया कि युवक के पिता प्लोर मिल के मालिक है। इस्तपाल सिंह पढ़ाई के साथ घर का कारोबार भी देखता था। युवती हाईस्कूल की छात्रा है। देर रात हादसे की सूचना मिलने पर दोनों परिवारों के लोग अस्पताल आ गए थे।