हल्द्वानी: मेरा जीवन खतरे में...रोते हुए बोले विधायक सुमित हृदयेश, जताई हत्या की आशंका; कहा- करूंगा आत्मदाह
कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में एक बड़ा गैंग नेताओं के फोन टैप कर रहा है। विधायक ने कहा कि उनके परिवार का फोन टैप किया जा रहा है और उनकी गाड़ी का कभी भी एक्सीडेंट कराया जा सकता है।
विस्तार
हल्द्वानी के कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में एक बड़ा गैंग घूम रहा है, जो नेताओं के फोन टैप कर रहा है। विधायक ने कहा कि उनके परिवार का फोन टैप कराया जा रहा है और उनकी गाड़ी का कभी भी एक्सीडेंट कराया जा सकता है।
रोते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि उनका जीवन खतरे में है। उन्होंने कहा कि गैरसैण विधानसभा सत्र में वह आत्मदाह करेंगे। उन्होंने कहा, "मुझे न्याय दो, मुझे और मेरे बच्चों को मार देंगे।" उन्होंने आरोप लगाया कि एआई के माध्यम से कभी भी उनकी कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो बनाकर वायरल किया जा सकता है।
विधायक ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से भी इस मामले की शिकायत की थी। इसके अलावा अप्रैल 2025 में एसएसपी को लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने कहा कि यह प्राइवेट इंटरप्राइजेस का गैंग है, जिसमें कुछ बड़े लोग भी शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पूरे परिवार का फोन टैप किया जा रहा है।
इस मौके पर रामनगर के संजय नेगी और बाजपुर के सोनू शर्मा भी साथ मौजूद रहे। सुमित हृदयेश ने कहा कि संजय नेगी और सोनू शर्मा को कांग्रेस में जॉइन करा दो, तो वह विधायकी छोड़ देंगे।