हल्द्वानी: बैक करते समय कार खाई में गिरी, चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोग, युवक-युवती घायल; पुलिस ने किया रेस्क्यू
हल्द्वानी के जंतवाल गांव के पास 21 अक्तूबर की रात बैक करते समय कार गहरी खाई में गिरी, लेकिन पेड़-झाड़ियों में फंसने से बड़ा हादसा टल गया; कार में सवार युवक नीरज सिंह रजवार और युवती रिचा शाह घायल हुए, जिन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
हल्द्वानी शहर के काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र स्थित जंतवाल गांव के पास 21 अक्तूबर की देर रात एक कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसा गाड़ी बैक करते समय हुआ। गनीमत रही कि कार पेड़ और झाड़ियों से टकराकर बीच में ही फंस गई और खाई में नीचे तक नहीं पहुंची।
पुलिस के अनुसार हादसे के समय गाड़ी में भोटिया पड़ाव निवासी नीरज सिंह रजवार और आवास विकास निवासी रिचा शाह मौजूद थे। गाड़ी गिरते ही चीख-पुकार मच गई। तुरंत स्थानीय लोग और वहां से गुजर रहे राहगीर पहुंचे। लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और रेस्क्यू कर दोनों को अस्पताल भेजा।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि दोनों युवक-युवती को चोटें आई हैं। हादसा गाड़ी बैक करते हुए होने की पुष्टि हुई है। दोनों घायलों की हालत में सुधार है।