{"_id":"59a330ab4f1c1ba1248b4b77","slug":"bjp-leaders-now-beaten-traders-commotion","type":"story","status":"publish","title_hn":"भाजपाइयों ने अब व्यापारियों को पीटा, हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भाजपाइयों ने अब व्यापारियों को पीटा, हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो, नैनीताल।
Updated Mon, 28 Aug 2017 02:20 AM IST
विज्ञापन
हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सत्ता की हनक में भाजपाइयों ने लगातार दूसरे दिन शांत माने जाने वाले नैनीताल को अशांत कर दिया। राजकीय पॉलीटेक्निक में तोड़फोड़ और मारपीट मामले को 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि शनिवार देर रात भाजयुमो नेता मल्लीताल बाजार में दो व्यापारियों पर हमलावर हो गए। उन्हें मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया।
विज्ञापन
एक की हाथ की अंगुली कट गई तो उसे हल्द्वानी के निजी अस्पताल में ले जाया गया। हमले के विरोध में व्यापारियों ने मल्लीताल बाजार बंद कर कोतवाली का तीन घंटे तक घेराव किया। उन्होंने 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर नैनीताल में बेमियादी बंद की चेतावनी दी। पुलिस ने भाजयुमो नेताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात करीब 12 बजे व्यापारी अनुज साह निवासी फ्रूट मार्केट मल्लीताल अपने व्यापारी दोस्त प्रद्युम्न साह निवासी बड़ा बाजार मल्लीताल के साथ बोट हाउस क्लब से खाना खाने के बाद घर को लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान एसबीआई के पास एक स्विफ्ट कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
विज्ञापन
विरोध करने पर कार में सवार भाजयुमो के कुमाऊं संयोजक रवि कन्याल, जिला उपाध्यक्ष अभय बवाड़ी, पंकज भट्ट, करन दनाई, पवन कन्याल, हिमांशु खनायत ने दोनों की पिटाई कर दी। दोनों व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों जिला अस्पताल में उपचार को पहुंचे।
अनुज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि अनुज के सिर में गंभीर चोट आने के साथ ही उसके बाएं हाथ की एक अंगुली भी कट गई। अनुज साह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ 279, 326, 147, 188 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने घायल प्रद्युम्न साह का मेडिकल कराने के बाद उसका भी 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर दिया है। मामले की जांच एसआई बीसी मासीवाल कर रहे हैं।
भाजयुमो नेता कन्याल ने भी दी तहरीर
भाजयुमो नेता रवि कन्याल ने भी कोतवाली में तहरीर दी है जिसमें उन्होंने कहा है कि व्यापारी के बेटों ने भी उन पर उस वक्त हमला किया जब वह खाना खाने के बाद मालरोड स्थित अपने घर को जा रहे थे। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर एनसीआर दर्ज कर ली है।
रवि और अभय को लेकर व्यापारी गुस्से में
व्यापारियों का कहना था कि रवि कन्याल और अभय बवाड़ी को पुलिस ने खुली छूट दी है जिसके चलते वह लंबे समय में नगर में गुंडागर्दी करते आ रहे हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि रवि कन्याल द्वारा पहले भी डीएसए स्थित पार्किंग में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई जा चुकी है।
कई बार व्यापारियों और छात्रों के साथ मारपीट की जा चुकी है। अभय बवाड़ी ने भी कई बार मारपीट की है। उनका कहना था कि कोतवाली से सिर्फ 50 मीटर दूर रात में यह घटना हुई मगर पुलिस मूकदर्शक बनी रही। आरोप लगाया कि पुलिस ने इस अराजकता को हल्के में लिया।
अध्यक्ष ने जाम न लगाने को कहा
पुलिस की लचर कार्यप्रणाली को देखकर व्यापारी इतने गुस्से में आ गए थे कि उन्होंने कोतवाली के आगे मुख्य मार्ग पर जाम लगाने की चेतावनी दे दी। सांकेतिक जाम भी लगाया लेकिन व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी ने कहा कि जाम लगाना व्यापारियों का काम नहीं है।
उन्होंने सभी व्यापारियों से जाम न लगाने की गुजारिश करते हुए कहा कि जाम लगाने से नंदा देवी महोत्सव के दौरान भी अव्यवस्था फैलेगी।
रवि के असलहे का लाइसेंस किया जाए निरस्त
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने कहा कि रवि द्वारा आए दिन असलहे के दम पर दहशत फैलाई जाती है। छात्र जीवन से ही रवि पर कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके बाद भी उसे रिवाल्वर का लाइसेंस कैसे मिला इसकी भी जांच की जाए साथ ही उसके असलहे का लाइसेंस भी निरस्त किया जाए।
व्यापारियों ने सीओ और कोतवाल की नहीं मानी
तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान सीओ विजय थापा, कोतवाल विपिन चंद्र पंत ने गुस्साए व्यापारियों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। व्यापारियों का कहना था कि शांत सरोवर नगरी में अराजकता फैलाने वालों व भय का माहौल पैदा करने वालों की जल्द गिरफ्तारी होनी जरूरी है।
जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक व्यापारी कोतवाली से नहीं हटेंगे। बाद में एएसपी हरीश चंद्र सती, सीओ व कोतवाल तीनों ने जैसे-तैसे व्यापारियों को समझाया। 11 बजे से बंद बाजार शाम को तीन बजे बाद खुली।