रिगौड़ा के नाले में तीन बाइक सवार बहे, लोगों ने बचाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रामनगर (नैनीताल)। दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश से क्षेत्र के सभी नदी, नाले उफान पर हैं। इसी दौरान बरसाती नालों में तीन बाइक सवार बह गए, जिन्हें लोगों, पुलिस वालों की मदद से बचाया गया। एक मकान की छत ढह गई। बाढ़ से घिरे चुकम के ग्रामीण सुरक्षित स्थानों पर चले गए। नई दिल्ली निवासी तुषार जैन अपनी बुलेट डीएल 14 एसएफ 3342 से यहां घूमने आया था। शनिवार को वह ढिकुली से रामनगर आ रहा था कि तभी रिगौड़ा के बरसाती नाले में अचानक पानी बढ़ने से वह बुलेट समेत बहने लगा। आसपास खड़े लोगों, पुलिस ने उसे बचा लिया।
इधर ग्राम बेलघट्टी मालधनचौड़ निवासी शमशेर अली गांव से शहर आ रहा था कि सांवल्दे नाले में अचानक पानी बढ़ने से वह बाइक सहित बहने लगा, उसे भी बचा लिया गया। वहीं तीसरी घटना में ग्राम फीका कालूसिद्ध मंदिर ढेला निवासी मो. अकबर अपनी बाइक से रामनगर आ रहा था कि तभी ढेला नदी में अचानक पानी बढ़ने से वह बाइक सहित बहने लगा। लोगों ने उसे तो बचा लिया लेकिन उसकी बाइक बह गई। वहीं बेलगढ़ निवासी मदन राम के घर की लेंटर वाली छत गिर गई। इसका आभास होते ही परिजन कमरे से बाहर निकल गए।
राजस्व उपनिरीक्षक आरिफ हुसैन ने मौका मुआयना कर तहसीलदार को रिपोर्ट सौंप दी है। हुसैन ने बताया कि छत गिरने से मदन राम को करीब 35 हजार रुपये का नुकसान हुआ। इधर कोसी बैराज में भी शुक्रवार से हो रही बारिश से कोसी नदी उफान पर आ गई, जिसमें शुक्रवार को कोसी का पानी 10 हजार क्यूसेक पानी था जो शनिवार शाम बढ़कर 17342 क्यूसेक तक पहुंच गया। इस कारण चुकम बाढ़ से घिर गया। इससे डरे लोगों ने जंगलात चौकी आदि सार्वजनिक स्थानों पर शरण ली। कोसी में पानी बढ़ने पर एसडीएम परितोष वर्मा ने चुकम, मोहान गांव का निरीक्षण किया। बताया कि गांव में निगरानी टीम भेजी गई है। कहा कि यदि देर रात पानी बढ़े तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस, प्रशासन को दें।
डीएम का आदेश पर पहुंचने से पहले बच्चे स्कूल पहुंच गए
रामनगर (नैनीताल)। शुक्रवार से हो रही भारी वर्षा से डीएम दीपेंद्र चौधरी ने शनिवार को स्कूल में छुट्टी घोषित की लेकिन इसका आदेश देर में पहुंचने के कारण बच्चे भीगते हुए सकूल पहुंचे और कुछ देर बाद घरों की ओर लौट गए। इससे चिंतित परिजनों ने तत्कालीन अवकाश की सूचना समय पर देने की मांग की है।
बारिश ने पर्यटकों की राह रोकी
रामनगर (नैनीताल)। शुक्रवार से हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। इस कारण शनिवार को दूसरे दिन भी कार्बेट के ढेला, झिरना जोन बंद रहे। कार्बेट टाइगर रिजर्व में घूमने आए पर्यटकों को भी रिसोर्टों में कैद रहना पड़ा। कार्बेट पार्क के पार्क वार्डन शिवराज चंद ने बताया कि यदि शनिवार को भी बारिश रही तो रविवार को भी उक्त दोनो जोन बंद रहेंगे।
पेड़ गिरने से कोटाबाग मार्ग पर यातायात प्रभावित
कालाढूंगी। सुबह हुई तेज मुसलाधार बारिश से रामनगर-हल्द्वानी मार्ग में मेथीशाह नाला उफान पर आ गया। पानी के तेज बहाव में एक पिकप नाले में फंस गई। ट्रैक्टर की मदद से स्थानीय लोगों ने पिकप को नाले से निकाला। इस बीच मार्ग में करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। नैनीताल रोड़ में घटगड़ से पहले रास्ते में मलबा आने से वाहन जाम में फंस गए। कोटाबाग मार्ग में ब्रह्मबुबू मंदिर के पास एक विशालकाय पेड़ उखड़ कर सड़क के बीचोंबीच गिर गया। इससे करीब डेढ़ घंटे तक मार्ग बंद रहा।