भीमताल (नैनीताल)। कुमाऊं की लाइफ लाइन कहे जाने वाला भीमताल-रानीबाग मार्ग शुक्रवार रात 10.30 बजे छोटे हल्के वाहनों के लिए खोल दिया गया। वहीं मार्ग के खुलने से कुमाऊं मंडल के वाहन चालकों, यात्रियों, किसानों और मरीजों को राहत मिली है। हालांकि भारी वाहनों पर रोक रहेगी।
19 जुलाई को बारिश के चलते रानीबाग पुल के पास सड़क किनारे की सुरक्षा दीवार के टूटने के चलते लोक निर्माण विभाग ने मार्ग को पूर्ण रूप से बंद कर दिया था। साथ ही वाहनों को ज्योलीकोट-भवाली होते हुए भेजा जा रहा है। इससे कुमाऊं मंडल के भीमताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, धारचूला, धानाचूली, शहरफाटक, रानीखेत, भवाली सहित अन्य क्षेत्रों से हल्द्वानी आवाजाही करने वाले लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इससे लोगों को अतिरिक्त किराया देने के साथ अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा था। लोनिवि के ईई एबी कांडपाल ने बताया कि शुक्रवार की रात 10.30 बजे पुल के पास की दीवार बनाकर मार्ग को हल्के वाहनों के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि मार्ग में दोपहिया वाहन, कार, जीप, पिकअप जैसे छोटे हल्के वाहन ही आवाजाही कर सकेंगे, लेकिन भारी वाहनों में डंपर, कैंटर, बसों के संचालन पर फिलहाल रोक रहेगी।