रामनगर (नैनीताल)। अखिल भारतीय वॉलीबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन महिला वर्ग के लीग और सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। फाइनल में अल्मोड़ा ने चमोली को हराकर खिताब पर कब्जा किया।
सोमवार को प्रतियोगिता के दूसरे दिन लीग मैच खेले गए। लीग में ग्रेट मिशन ने शाइनिंग स्टार, देहरादून ने टिहरी, चमोली ने अल्मोड़ा और देहरादून ने हल्द्वानी को हराया। वहीं, पहला सेमीफाइनल अल्मोड़ा और देहरादून के बीच खेला गया। इसमें अल्मोड़ा ने देहरादून को 25-11, 16-25, 15-13 से हराया। दूसरा सेमीफाइनल चमोली और हल्द्वानी के बीच खेला गया। चमोली ने हल्द्वानी को 25-13, 25-20 से हराया। फाइनल चमोली और अल्मोड़ा के बीच खेला गया। अल्मोड़ा ने चमोली को 25-21, 13-25, 15-12 से हराया और ट्रॉफी अपने नाम की। मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि जगमोहन सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख रेखा रावत, सांसद प्रतिनिधि इंदर रावत, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी, ग्राम प्रधान कानिया सुनीता घुघुत्याल, हिम्मतपुर की बीडीसी सदस्य किरण रावत ने विजेता टीम को ट्रॉफी दी। महिला वर्ग के क्षेत्रीय टीमों के मैच बाद में शुरू होंगे। इस दौरान देवभूमि स्पोर्ट्स क्लब के राजेश पांडेय, निखलेश भट्ट, भरत भट्ट, विपिन पांडेय, दीप करगेती, भास्कर पांडेय, योगी, पारस, विक्की रावत आदि रहे।