हल्द्वानी। नगर निगम में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के 45 लाभार्थियों को शुक्रवार को प्रमाणपत्र के साथ पहली किस्त का भुगतान किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला ने केंद्र सरकार की योजना के बारे में लाभार्थियों को जानकारी दी। बताया कि लाभार्थियों को पांच किस्तों में रकम दी जाएगी। पहली किस्त 20 हजार रुपये, दूसरी और तीसरी किस्त में 60-60 हजार, चौथी किस्त 20 हजार और पांचवीं किस्त 40 हजार रुपये दी जाएगी। योजना के तहत निगम क्षेत्र के आवास विहीन लोगों को हर साल आवास के लिए धन दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पार्षद रईस अहमद, सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन, सुरेश अधिकारी आदि मौजूद रहे।
हल्द्वानी। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ शाखा नगर निगम हल्द्वानी के अध्यक्ष रोहित टांक के नेतृत्व में शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह के माध्यम से शहरी विकास मंत्री को ज्ञापन भेजा। शाखा अध्यक्ष ने कहा कि 19 जुलाई को उत्तराखंड में ठेका प्रथा के खिलाफ अन्य मांगों को लेकर आंदोलन किया गया था। 27 जुलाई को सीएम की अध्यक्षता में वार्ता हुई। इस बैठक में संघ की मांगों को दो माह में पूरा करने के लिए सहमति बनी थी लेकिन आज तक मांगों को पूरा नहीं किया गया। इस मामले में सफाई कर्मी शांत नहीं बैठेंगे। ज्ञापन देने वालों में महामंत्री शिवम पाल, प्रदेश सदस्य विजय पाल, कैलाश, अनिल भारती, अशोक चौधरी, रवि चिंडालिया, जय प्रकाश, सिद्धार्थ आदि थे।