वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने मंगलवार को चिलरखाल-लालढांग मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान वन मंत्री ने लोक निर्माण और वन विभाग के अधिकारियों को सिगड्डीसोत नदी से सड़क को हो रहे कटाव को रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम करने के निर्देश किए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को बरसात खत्म होते ही सड़क के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत के निर्देश पर मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह, सहायक अभियंता सुदेश बिंजोला और अधीनस्थ अधिकारी चिलरखाल पहुंचे हुए थे। इस दौरान लैंसडौन प्रभाग के डीएफओ दीपक सिंह, रेंजर प्रदीप उनियाल समेत वन विभाग के अधिकारियों ने वन मंत्री को बरसात से सिगड्डीसोत नदी में हुए कटाव से नुकसान की जानकारी दी। वन मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को जहां सड़क का सुदृढ़ीकरण जल्द करने के निर्देश दिए, वहीं वन विभाग को सिगड्डीसोत नदी में हुए सड़क कटाव का भराव करने, कटाव को रोकने और नदी का बहाव पूर्ववत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। कहा कि जंगल और सड़क बचाने के लिए यदि नदी को चैनलाइजेशन (रुख मोड़ने) की जरूरत पड़ती है तो इसके लिए भी अनुमति ली जा सकती है। वन मंत्री ने दोनों विभागों के अधिकारियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नवंबर माह में प्रस्तावित कार्बेट के दौरे से पहले सड़क और बाढ़ सुरक्षा का काम पूरा करने के निर्देश दिए। डीएफओ दीपक सिंह ने बताया कि लालढांग मार्ग का सुदृढ़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग को कार्यदायी एजेंसी बनाया गया है।