न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कोटद्वार की कोर्ट ने दहेज उत्पीड़न के मामले में पति समेत सास-ससुर को साक्ष्यों के अभाव में दोषमुक्त करार दिया है।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता नरेंद्र सिंह गुसाईं और जगदीश जोशी ने बताया कि कोटद्वार निवासी हिमानी ने मामले में 9 जुलाई, 2014 को कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें उसने बताया कि नितेश दत्त पुत्र सुनील दत्त निवासी शीलकुंज आईआई रुड़की के साथ 11 मार्च, 2012 को उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति, सास व ससुर उसे दहेज के लिए परेशान करते थे। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौच व मारपीट करते थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला के पति नितेश, ससुर सुनील दत्त और सास अनीता देवी के खिलाफ आईपीसी की धारा 498 ए, 323, 504, 506 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोप पत्र न्यायालय में पेश किए। उन्होंने बताया कि मामले में कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद 31 मार्च को अपना फैसला सुनाया। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि वादिनी के माता-पिता ने अपने बयानों में दहेज की मांग का समर्थन नहीं किया, जिससे वादिनी से मांगे गए दहेज के परिप्रेक्ष्य में उसके बयान साबित नहीं होते। कोर्ट ने साक्ष्यों के अभाव में तीनों को सभी आरोपों से दोषमुक्त कर दिया। संवाद