Haridwar: संदिग्ध बांग्लादेशी आतंकी की पत्नी की गिरफ्तारी के बाद उठे सवाल, 20 दिन से बेखबर थी खुफिया एजेंसी?
महिला ने बताया है कि पति अलीनूर उर्फ जावाद और बच्चों के साथ साल 2021 में बांग्लादेश से अवैध रुप से सीमा पार कर भारत में प्रवेश किया था। पश्चिम बंगाल के खुलना, कूच बिहार होते हुए असम पहुंचे थे। यहां लगभग छह महीने किराये के मकान में रहने के बाद हरिद्वार पहुंच गए।
विस्तार
संदिग्ध बांग्लादेशी आतंकी अलीनूर की पत्नी को 20 दिन बाद पुलिस और एलआईयू की टीम ने दादूपुर गोविंदपुर से गिरफ्तार किया है। लेकिन क्या पिछले 20 दिन से खुफिया एजेंसी और पुलिस इस बात से बेखबर थी कि आतंकी की पत्नी बच्चों सहित हरिद्वार में ही बिना पासपोर्ट और वीजा के रह रही है। छह महीने असम में किराये पर रहने के बाद अलीनूर परिवार के साथ हरिद्वार में आ गया था। ऐसे में एलआईयू, सीआईयू और पुलिस की सक्रियता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया है कि पति अलीनूर उर्फ जावाद और बच्चों के साथ साल 2021 में बांग्लादेश से अवैध रुप से सीमा पार कर भारत में प्रवेश किया था। पश्चिम बंगाल के खुलना, कूच बिहार होते हुए असम पहुंचे थे। यहां लगभग छह महीने किराये के मकान में रहने के बाद हरिद्वार पहुंच गए। तब से अब तक ग्राम दादूपुर में किराये के मकान में रहते चले आ रहे थे।
सूत्रों की मानें तो 30 सितंबर की रात अलीनूर सहित चार लोगों को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने ज्वालापुर और दादूपुर गोविंदपुर से हिरासत में लिया था। जबकि 10 अक्तूबर को अलीनूर, मुदस्सिर, कामिल सहित आठ आतंकियों को सहारनपुर से गिरफ्तार किया था। लेकिन इसके बावजूद उसकी पत्नी और बच्चों के बारे में खुफिया एजेंसी और पुलिस को कोई खबर ही नहीं थी। अगर जानकारी थी तो मामले को क्यों दबाये रखा?
बोलने से कतरा रहे पुलिस अधिकारी
इस मामले में पुलिस के आला अधिकारी ज्यादा कुछ बोलने से साफ इन्कार कर रहे हैं। आतंकी अलीनूर की गिरफ्तारी होने के बाद भी पुलिस ने इस मामले में चुप्पी साधे रखी।
महिला कूड़ा बीनने का कर रही थी काम
बांग्लादेशी महिला क्षेत्र में कूड़ा बीनने का काम कर रही थी। पति के गिरफ्तार होने के बाद से कूड़ा बीनकर बच्चों का पालन पोषण कर रही थी। पूछताछ में ये बात सामने आई है।
ये भी पढ़ें...उत्तराखंड: लैंसडौन का नाम बदलने से पहले ही गरमाई सियासत, कांग्रेस का वार, भाजपा का पलटवार
पहले भी पकड़े जा चुके बंगलादेशी
बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर जिले में रह रहते हुए कई बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पूर्व में पिरान कलियर कई बांग्लादेशी गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।