टीम जीवन ने युवाओं को नशे से दूर रखने और आध्यात्म की ओर जागृत करने के लिए एक अनोखा अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत युवाओं को श्रीमद्भागवत गीता और श्री हनुमान चालीसा बांटी जाएगी। उन्हें नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने और धर्मग्रंथ का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बाद में इसको लेकर प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। बुधवार को कनखल स्थित हरिहर आश्रम में टीम जीवन ने आध्यात्मिक जागृति एक पहल के तहत श्रीमद्भागवत गीता और श्री हनुमान चालीसा का घर-घर वितरण अभियान का जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि के सानिध्य में शुरू हुआ। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि कोरोनाकाल में टीम जीवन ने समाजसेवा के प्रकल्प के तहत जो मदद की है, वह सराहनीय है। आज की पीढ़ी को आध्यात्मिक की ओर प्रेरित करने की जरूरत है। यदि युवा आध्यात्मिक होंगे तो कुरीतियों से दूर रहेंगे। उन्होंने कहा कि कुरीतियों में पड़ते ही लोग नशे की ओर चले जाते हैं। नशा नशीले पदार्थ से ही नहीं, बल्कि कई तरह का होता है। नशा केवल जीवन में अच्छे कार्य करने के साथ समाजसेवा का होना चाहिए। टीम जीवन के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि प्रथम चरण में श्रीमद्भागवत गीता और श्री हनुमान चालीसा हरिद्वार शहर के 30 हजार परिवारों को वितरित की जाएगी। संरक्षक आशुतोष शर्मा ने कहा कि श्रीमद्भागवत गीता और श्री हनुमान चालीसा को दुनिया में पढ़ा जाता है। विदेशियों ने आध्यात्मिकता को अपनाया है। महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक अनमोल गर्ग ने बताया कि आध्यात्मिक जागृति एक पहल के तहत वर्तमान समय में युवक युवतियों सहित सभी आयु वर्ग में बढ़ते हुए अनेक प्रकार के नशों की प्रवृति की निवृत्ति के लिए जनहितार्थ हर परिवार को श्रीमद्भागवत गीता एवं श्री हनुमान चालीसा दी जाएगी। इस दौरान रूपांगी ब्रह्म भट्ट, शिवम नामदेव, वैभव कौशिक, हितेश अग्रवाल सचिन कुशवाह, मयंक चौहान, नामित गोयल, राजीव जोशी, दीपक शर्मा, अमन कुमार, दीपक उपाध्याय, विकेश शर्मा, अक्षत शर्मा, दीपक शर्मा, मधुर वसन, आयुष राही, यश लालवानी, अमित शर्मा, अरविंद कुशवाह, अरविंद राठौर, विनीत राठौर मौजूद रहे।