ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों को निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित करने की खातिर फ्लैग मार्च निकाला गया। साथ ही असामाजिक तत्वों को भी कड़ा संदेश दिया कि चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को जोनल मजिस्ट्रेट सुुनील कुमार बत्रा, थानाध्यक्ष प्रशांत बहुगुणा और आईटीबीपी के असिस्टेंट कमांडर ईश्वरी प्रसाद के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। विधानसभा क्षेत्र के गांव तेलपुरा, बंजारेवाला, हसनवाला, गांजा, शहीदवाला ग्रंट आदि गांव में पुलिस और आईटीबीपी के जवानों की ओर से फ्लैग मार्च किया गया। जोनल मजिस्ट्रेट सुनील कुमार बत्रा ने ग्रामीणों से कहा कि वह आने वाली 14 फरवरी को बिना किसी डर भय के अपने मतदान का प्रयोग करें। यदि उन्हें किसी भी प्रकार की कोई शिकायत है तो सीधे पुलिस को सूचित करें। इस मौके पर सेक्टर मजिस्ट्रेट डॉ. घनश्याम गुप्ता, महिपाल सिंह नेगी, सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस ममता सिंह, डॉ. शैलेंद्र ममगाईं आदि मौजूद रहे।