शुक्रवार को हरिद्वार में पौष पूर्णिमा का स्नान हरकी पैड़ी सहित अन्य गंगा घाटों पर संपन्न हुआ। सर्दी का मौसम होने के चलते बहुत कम संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचे। उन्होंने हर की पैड़ी, ब्रह्मकुंड व मालवीय घाट सहित अन्य घाटों पर डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया और इसके बाद दान तथा अन्य आध्यात्मिक कर्म घाटों पर संपन्न कराए।
पौष मास की पूर्णिमा के स्नान की रौनक गंगा घाटों पर सुबह चार बजे से ही दिखने लगी थी। धीरे धीरे दिन चढ़ते समय श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ी, लेकिन सर्दी के मौसम के चलते स्नान करने के लिए श्रद्धालु कम ही संख्या में पहुंचे। गंगा स्नान के बाद दान तथा सत्यनारायण कथा आदि कर्म भी संपन्न कराए गए। इसी के साथ माघ मास का शुभारंभ हो गया कल से माघ का स्नान भी शुरू हो जाएगा। इसके लिए आज से ही श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचने शुरू हो गए हैं।